
सोने-चांदी की कंपनी का IPO आज खुल गया है। (फोटो: Freepik)
Augmont IPO Update: सोना-चांदी का कारोबार करने वाली इंटीग्रेटेड कंपनी ऑगमॉन्ट एंटरप्राइजेज (Augmont Enterprises) का 825 करोड़ रुपये का IPO 21 अगस्त 2026 से निवेशकों के लिए खुल गया है। खुलने के साथ ही IPO ग्रे मार्केट में काफी मजबूती के साथ प्रदर्शन कर रहा है। जिसकी वजह से एक बेहतर लिस्टिंग की संभावना बनी हुई है। अगर आप इस IPO में पैसा लगाने की सोच रहे हैं तो आपके लिए कीमत, लॉट साइज, निवेश की न्यूनतम रकम से लेकर ब्रोकरेज और एक्सपर्ट्स के व्यू की पूरी जानकारी जानना जरूरी है। यह IPO 25 अगस्त तक खुला रहेगा और कंपनी के शेयर 31 अगस्त को NSE और BSE पर लिस्ट हो सकते हैं।
ऑगमॉन्ट एंटरप्राइजेज का यह IPO पूरी तरह बुक-बिल्ट इश्यू है, जिसका कुल आकार 825 करोड़ रुपये है। इसमें 620 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा 205 करोड़ रुपये के शेयर ऑफर फॉर सेल यानी OFS के जरिए बेचे जाएंगे। कंपनी नए शेयरों से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल अपने कारोबार की जरूरतों को पूरा करने में करेगी।
कंपनी ने IPO के लिए प्रति शेयर 750 रुपये से 788 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। एक लॉट में 19 शेयर रखे गए हैं। यानी हाई प्राइस बैंड 788 रुपये के हिसाब से रिटेल निवेशकों को कम से कम 14,972 रुपये का निवेश करना होगा। ऑगमॉन्ट एंटरप्राइजेज IPO में निवेश करने की आखिरी तारीख 25 अगस्त 2026 है। शेयरों का अलॉटमेंट 27 अगस्त तक फाइनल होने की उम्मीद है। इसके बाद कंपनी के शेयर 31 अगस्त 2026 को NSE और BSE पर लिस्ट हो सकते हैं।
इनवेस्टर्स गेन की रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर ग्रे मार्केट में कंपनी का IPO 300 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, इसका सबसे कम GMP 190 रुपये दिखा था। इस IPO में योग्य संस्थागत खरीदारों यानी QIB के लिए अधिकतम 50 फीसदी हिस्सा रखा गया है। रिटेल निवेशकों के लिए कम से कम 35 फीसदी शेयर आरक्षित हैं। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों यानी NII के लिए कम से कम 15 फीसदी हिस्सा तय किया गया है।
Anand Rathi Research ने ऑगमॉन्ट एंटरप्राइजेज IPO को 'Subscribe for Long Term' रेटिंग दी है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी का मजबूत ब्रांड, बड़ा डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, सोना-चांदी रिफाइनिंग की क्षमता और तेजी से बढ़ने वाला डिजिटल कारोबार इसके बड़े प्लस पॉइंट हैं। साथ ही वेंचुरा सिक्योरिटीज ने भी इस IPO को 'Subscribe' रेटिंग दी है।
BP इक्विटीज ने भी IPO को 'Subscribe' रेटिंग दी है। ब्रोकरेज का मानना है कि 788 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी की वैल्यूएशन कमाई की ग्रोथ को देखते हुए उचित है। फर्म ने अच्छे वित्तीय प्रदर्शन, एकीकृत बिजनेस मॉडल और गोल्ड मार्केट में बढ़ती डिजिटलाइजेशन को मजबूत आधार बाताया है।
अक्टूबर 2012 में स्थापित ऑगमॉन्ट एंटरप्राइजेज सोने और चांदी के कारोबार से जुड़ी एक इंटीग्रेटेड कंपनी है। इसका कारोबार सोना-चांदी की खरीद, रिफाइनिंग, बुलियन ट्रेडिंग, डिजिटल गोल्ड, ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग और अंतरराष्ट्रीय बिक्री जैसे क्षेत्रों में फैला है। 31 मार्च 2026 तक कंपनी की मौजूदगी 24 राज्यों में थी। इसके 5,223 से ज्यादा रजिस्टर्ड एंटरप्राइज सदस्य और 4.962 करोड़ से अधिक रजिस्टर्ड डिजिटल गोल्ड ग्राहक थे।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
21 Aug 2026 09:38 am
Published on:
21 Aug 2026 09:38 am
