नई दिल्ली। कोरोना की दूसरी लहर के चलते आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं जिनके कारण जून तिमाही में कंपनियों की आय में कमी आ सकती है। एक अनुमान के अनुसार चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में घरेलू कंपनियों की आय इससे ठीक पिछली तिमाही की तुलना में आठ से दस प्रतिशत घट कर लगभग 7.3 लाख करोड़ रुपए रह सकती है। हालांकि सालाना आधार पर परिचालन लाभ में लगभग 65 प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावनाएं हैं। इसके पीछे एक कारण यह भी है कि गत वर्ष लगे सख्त लॉकडाउन के कारण कारोबार पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए थे, जबकि इस बार इस तरह नहीं किया गया है। ऐसे में इस वर्ष अधिक लाभ होने के आसार बन रहे हैं।