19 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Kross Share Price: दूसरी तिमाही में मुनाफा 143% बढ़ा तो आज 20% तक उछल गया शेयर, जानिए क्या करती है कंपनी

Kross Limited के सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद 19 अक्टूबर को शेयर में करीब 20% तक उछाल आया। कंपनी का रेवेन्यू 79.6% बढ़कर 235.09 करोड़ रुपये रहा है।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

Pawan Jayaswal

•

Oct 19, 2026

Kross Share Price

क्रॉस के शेयर में भारी तेजी देखने को मिली है। (PC: AI)

कमर्शियल वाहनों के पुर्जे बनाने वाली कंपनी Kross के शेयरों में सोमवार, 19 अक्टूबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। इस कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान करीब 20% तक उछल गया। इसकी वजह कंपनी के वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के मजबूत नतीजे रहे। जुलाई से सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू करीब 80% बढ़ा, जबकि मुनाफे में 143% से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

कंपनी के कारोबार में आई इस तेजी के साथ उसकी कमाई और मुनाफे का मार्जिन भी बेहतर हुआ है। इसके अलावा, नए प्लांट और उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजनाओं से आने वाली तिमाहियों में कारोबार को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Kross का मुनाफा बढ़कर 19.69 करोड़ रुपये पर पहुंचा

क्रॉस लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में काफी अच्छा परफॉर्म किया है। कंपनी के स्टैंडअलोन वित्तीय नतीजों के मुताबिक, सितंबर तिमाही में ऑपरेशन से रेवेन्यू सालाना आधार पर 79.6% बढ़कर 235.09 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह 130.92 करोड़ रुपये था। वहीं, एबिटडा पिछले साल के 14.75 करोड़ रुपये से 107.4% बढ़कर 30.60 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एबिटडा मार्जिन भी 11.3% से बढ़कर 13% हो गया।

मुनाफे के मोर्चे पर भी कंपनी ने अच्छा परफॉर्म किया है। दूसरी तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 143.5% बढ़कर 19.69 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान अवधि में यह 8.08 करोड़ रुपये था। PAT मार्जिन 6.2% से बढ़कर 8.4% पर पहुंच गया।

उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर कंपनी का जोर

क्रॉस अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए उत्पादन क्षमता और नए उत्पादों पर काम कर रही है। कंपनी के मुताबिक, प्रिसिजन हाइड्रोलिक टिपिंग जैक की सप्लाई तय योजना के मुताबिक आगे बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में इनकी सप्लाई और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। कंपनी के एक्सल बीम एक्सट्रूजन प्लांट में कमर्शियल प्रोडक्शन भी शुरू हो चुका है। फिलहाल यह प्लांट अपनी कुल क्षमता के करीब 60 से 65% स्तर पर काम कर रहा है। कंपनी को आने वाली तिमाहियों में इसकी क्षमता का बेहतर इस्तेमाल होने की उम्मीद है।

इसके अलावा, क्रॉस कोल्ड-ड्रॉन ट्यूब बनाने के कारोबार में भी विस्तार कर रही है। इस पहल का मकसद जरूरी पुर्जों के निर्माण में अपनी क्षमता बढ़ाना और नई तकनीकों का इस्तेमाल करना है।

क्रॉस लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सुधीर राय के मुताबिक, कंपनी ने दूसरी तिमाही में रेवेन्यू और मुनाफे के मोर्चे पर मजबूत परफॉर्म किया है। उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए किए गए निवेश का फायदा दिखने लगा है और आने वाली तिमाहियों में प्लांट की क्षमता का इस्तेमाल बढ़ने की उम्मीद है।

कारोबार के दौरान 326.80 रुपये तक पहुंचा शेयर

सोमवार को बीएसई पर क्रॉस का शेयर 311.05 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 326.80 रुपये के ऊपरी स्तर तक पहुंचा, जबकि इसका निचला स्तर 298.25 रुपये रहा। कंपनी के मजबूत तिमाही नतीजों के बाद शेयर में खरीदारी देखने को मिली।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)