केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट की बैठक के बाद जानकारी देते हुए कहा, “आज कैबिनेट ने तीन बहुत अहम फैसले लिए। पहला फैसला करीब 11,40,770 रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) देने को मंजूरी देना है। यह मेहनती रेलवे कर्मचारियों के लिए दिवाली का तोहफा है। ये कर्मचारी दिन-रात लगातार काम करते हैं। जब हम अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाते हैं, तब भी ये कर्मचारी रेलवे ट्रैक पर, लोकोमोटिव के भीतर, वर्कशॉप में और दूसरी जगहों पर अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहते हैं। ये चौबीसों घंटे पूरी मेहनत से काम करते हैं। इस बोनस पर कुल करीब 2,009 करोड़ रुपये खर्च होंगे।”