
पनीर न मिलने पर विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन के पिता ने युवक के सिर पर खाना परोसने वाली चम्मच से वार कर दिया। इसके बाद गुस्साए युवक ने अपनी मिनी बस को तेज रफ्तार में मंडप में घुसा दिया। वहां मौजूद कई लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात वाराणसी के मंडुवाडीह क्षेत्र के पहाड़ी गांव से बारात राजनाथ यादव के घर आई थी। विवाह समारोह के दौरान गांव का ही एक युवक भोजन के समय पनीर की अधिक मात्रा मांगने लगा। जब उसे मना किया गया तो विवाद शुरू हो गया। लड़की के पिता ने विरोध करते हुए युवक के सिर पर चम्मच से हमला कर दिया। यह मामला मारपीट तक पहुंच गया और माहौल बिगड़ गया।
घटना के बाद युवक ने अपने गुस्से में नियंत्रण खो दिया और अपनी मिनी बस लेकर मंडप में घुस आया। उसने मंडप के चारों ओर बस को घुमाया, जिससे वहां मौजूद कई लोग कुचल गए। इस घटना में छह लोग घायल हुए, जिनमें दूल्हे के पिता और दुल्हन के चाचा समेत तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को तुरंत वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हंगामे के चलते शादी की रस्में रोक दी गईं और माहौल पूरी रात तनावपूर्ण रहा। अगले दिन सुबह क्षेत्रीय लोगों और पुलिस के सहयोग से मामला शांत कराया गया और शादी की रस्में पूरी कराई गईं। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी गगन राज सिंह ने बताया कि आरोपी युवक अपनी मिनी बस समेत फरार हो गया है।
उसकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। पुलिस ने बताया कि महज पनीर न मिलने जैसी मामूली बात पर इस तरह की बड़ी घटना सामने आई है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और हालात पर काबू पाया गया।
Updated on:
27 Apr 2025, 3:25 PM IST
Published on:
27 Apr 2025, 3:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.