
जिला कलक्टर एन. वेंकटेश की कर दी गई बदली
संदीप नंदूरी ने पत्रकारों से कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले में तुरंत प्रभाव से हालात सामान्य करने की है। वे नए एसपी मुरली रंभा के साथ मिलकर आंदोलनकारियों से वार्ता करेंगे। ताकि कानून-व्यवस्था बहाल की जा सके
तुत्तुकुड़ी. स्टरलाइट प्लांट के विरोध में हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान पुलिस फायरिंग में अब तक 13 जनों की मौत हो चुकी है। इस विकट परिस्थिति में तिरुनेलवेली जिला कलक्टर रहे संदीप नंदूरी ने गुरुवार को तुत्तुकुड़ी के नए कलक्टर का कार्यभार संभाला। सरकार ने बुधवार को कलक्टर एन. वेंकटेश का तबादला कर दिया था।
कार्यभार संभालने के बाद संदीप नंदूरी ने पत्रकारों से कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले में तुरंत प्रभाव से हालात सामान्य करने की है। वे नए एसपी मुरली रंभा के साथ मिलकर आंदोलनकारियों से वार्ता करेंगे। ताकि कानून-व्यवस्था बहाल की जा सके।जिला कलक्टर ने कहा कि शहर में अभी भी तनाव की स्थिति है। इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है और धारा 144 लगाई गई है। अगर मृतकों की संख्या बढ़ती है तो वे मीडिया को अवगत कराएंगे। वे अगले २ दिन में स्थिति को नियंत्रण में ले आएंगे।
किसके आदेश पर फायरिंग? सवाल पर कलक्टर का जवाब था कि न्यायिक जांच आयोग का गठन किया गया है
किस अधिकारी के कहने पर पुलिस ने फायरिंग शुरू की के सवाल पर कलक्टर का जवाब था कि न्यायिक जांच आयोग का गठन किया गया है। ऐसे में कुछ भी कहना आयोग के औचित्य को गलत साबित करना होगा। ७० लोगों के पुलिस गिरफ्त में होने पर उनकी प्रतिक्रिया थी कि इसकी उनको खबर नहीं है। पुलिस अधिकारियों से चर्चा के बाद ही इस प्रश्न का जवाब दे सकेंगे। इस बीच पुलिस कार्रवाई का शिकार हुए एक शख्स सेल्व शेखर (४२) की अस्पताल में बुधवार रात मौत हो गई। वह पुलिसकर्मियों की लाठीचार्ज से गंभीर घायल हो गया था। शेखर की मौत के साथ मृतक संख्या तेरह हो गई।
Published on:
24 May 2018, 8:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.