
passenger trains
पांढुर्ना (छिंदवाड़ा)। स्पेशल पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन बुधवार से शुरू हो रहा है। रेलवे ने इसे ने लेकर गाइडलाइन जारी की है। पांढुर्ना रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर सूचना भी चस्पा कर दी गई है। इसके अनुसार पैसेंजर ट्रेनों में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे सफर नहीं कर सकेंगे।
वहीं, वयस्क यात्रियों को कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लेने का प्रमाण-पत्र साथ रखना होगा। टिकट पर्यवेक्षक विदेश कुमार चौहान ने तर्क दिया कि एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़-भाड़ नहीं है, जिसकी वजह से बच्चों को अनुमति है, लेकिन पैसेंजर ट्रेन में सफर करने के लिए टिकट काउंटर से सभी को टिकट मिलेगा। ऐसे में भीड़ बढ़ने का अनुमान है। इसलिए जिन्हें कोरोना का टीका लगा है, उन्हें ही सफर की अनुमति होगी।
इधर, मध्य रेलवे मुंबई के चीफ पीआरओ शिवाजी सुतार का कहना है कि मुंबई में लोकल ट्रेनों के लिए जो गाइडलाइन है, उसी तर्ज पर पैसेंजर ट्रेनों में नियम लागू होंगे। आदेश में साफ है कि जो व्यस्क हैं और वैक्सीन की दोनों डोज ली है, वे सफर कर सकते हैं।
सातवीं बार वैक्सीनेशन महाअभियान की हुई शुरुआत
मध्यप्रदेश में सेकंड डोज की पेंडेंसी को कम करने के लिए आज राजधानी सातवीं बार वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया जा रहा है। वैक्सीनेशन महाअभियान के लिए राजधानी भोपाल में करीब 70 हजार लोगों को वैक्सीनेशन करने का टारगेट रखा गया है। जिसके लिए 449 सेंटर्स शहर में बनाएं गए है। पूरे मप्र की बात करें तो प्रदेश में अब भी करीब ढाई करोड़ की आबादी है जिन्हें सेकंड डोज नहीं लगा है जिनमें बड़ी संख्या उन लोगों की है जो पात्र होने के बावजूद भी वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए घर-घर दस्तक अभियान भी चलाया जा रहा है।
Updated on:
17 Nov 2021, 1:38 PM IST
Published on:
17 Nov 2021, 1:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.