
छिंदवाड़ा. मप्र पेंशनर्स समाज, मप्र पेंशनर्स एसोसिएशन, मप्र पेंशनर्स सेवा संघ, मप्र विद्युत मंडल पेंशनर्स समाज के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनगर तले सडक़ पर उतर आए। उन्होंने रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा। रैली के पूर्व पेंशनर्स समाज भवन में एक आमसभा भी की गई। इसमें 13 तहसील के अध्यक्षों ने सातवें वेतनमान के भुगतान न होने की भड़ास निकाली। मप्र पेंशनर्स समाज के जिलाध्यक्ष एसडीए तिवारी, मप्र पेंशनर्स पेंशनर्स एसोसिएशन जिलाध्यक्ष जीवी नवघरे, पेंशनर्स सेवा संघ के अध्यक्ष पीएल डेहरिया एवं विद्युत मंडल पेंशनर्स समाज अध्यक्ष एसजी माकड़े एवं बीएल माहोरे, बीकेएस परिहार, छगन भाई दवे, कृपाशंकर यादव, मीर जाहिद अली ने आमसभा में अपने विचार रखे। पेंशनर्स मुख्य रूप से सातवें वेतनमान का भुगतान, 32 एवं 27 माह का एरियर एवं एक हजार रुपए मासिक चिकित्सा भत्ता दिए जाने की मांग कर रहे हैं। इस सम्बंध में उन्होंने रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। आमसभा में मंच संचालन शिवशंकर शुक्ल एवं आभार प्रदर्शन नरेन्द्र भुजाड़े ने किया।