भारतीय राजनीति के पितामह, निर्विरोध निर्विवाद ओजस्वी वक्ता वाक्य पटुता के महारथी कुशल रानीतिकार, ऐसी ही न जाने कितनी विधाओं में पारंगत भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गरीबों व मरीजों के बीच फल वितरण कर उनका जन्म दिन मनाया। अटल बिहारी भारतीय राजनीति के उन चुनिंदा या यूं कहें कि अपवाद स्वरूप में जीती जागती किवदंती बन गए हैं जिनका सम्मान विरोधी भी करते हैं और आज तक उनके ऊपर उनके विरोधी भी उंगली नहीं उठा सके। अटल बिहारी और भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट से जुड़े उनके कुछ संस्मरण आज भी यहां के राजनीतिज्ञों समाजसेवियों व् स्थानीय बाशिंदों में ताजा हैं। अटल बिहारी जब प्रधानमंत्री थे(1998-2004) तब उस दौरान उन्होंने चित्रकूट का दौरा किया था। देश के उच्च संवैधानिक पद पर रहते हुए भी अटल बिहारी की सादगी व् मिलनसार स्वभाव ने चित्रकूट वासियों को उनका मुरीद बना दिया था। बुन्देलखण्ड के विकास को लेकर भी अटल काफी फिक्रमन्द नजर आए थे।