3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Chaitra Navratri 2018 : या देवी सर्वभूतेषु… देवी मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम

चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन कलश स्थापना करते हुए श्रद्धालुओं ने मां आदिशक्ति की पूजा स्तुति आराधना प्रारम्भ की...

2 min read
Google source verification
Chaitra Navratri 2018

चित्रकूट.शक्ति स्वरूपा जगत जननी मां दुर्गा की आराधना का नौ दिवसीय पावन पवित्र दिन आज से प्रारम्भ हो गया। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर पहले ही दिन से मां के मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता मत्था टेकने के लिए लगने लगा है। घंटे घड़ियालों की ध्वनियों के बीच जय जयकार के उद्घोष वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं। विभिन्न ग्रामीण कस्बों की कुल देवियों के मन्दिरों में भी भक्तों की अच्छी खासी संख्या दर्शन पूजन को उमड़ रही है। प्राचीन व ऐतिहासिक देवी मन्दिरों में भी यही दृश्य देखने को मिल रहा है। मां का विधिवत श्रंगार करते हुए उनकी आराधना स्तुति से जीवन को कल्याणमय बनाने की प्रार्थना आस्थावानों ने शक्ति स्वरूपणी से की।

चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन कलश स्थापना करते हुए श्रद्धालुओं ने मां आदिशक्ति की पूजा स्तुति आराधना प्रारम्भ की। घरों से लेकर देवी मन्दिरों में कलश स्थापना की गई और अपनी अपनी यथाशक्तिनुरूप भक्तों ने मां जगदम्बा की आराधना की। मन्दिरों में विशेष श्रृंगार करते हुए विधिवत पूजा आराधना प्रारम्भ की गई। सुबह से ही आस्थावानों की भीड़ विभिन्न मठ मन्दिरों में देवी दर्शन को उमड़ने लगी। कुल देवियों के मन्दिरों को भी विशेष साज सज्जा से सजाया गया है।

देवी मन्दिरों में भक्तों की रौनक
आमतौर पर आम दिनों में कम चहल पहल से सन्नाटे में रहने वाले देवी मन्दिरों में नवरात्रि के पहले ही दिन से आस्थावानों की भीड़ उमड़ रही है जिससे मन्दिर परिसरों में भक्तों की रौनक देखने को मिल रही है। मंत्रोच्चारों के बीच घण्टे घड़ियालों की ध्वनि पूरे वातावरण में एक अलग ही धार्मिक माहौल उत्पन्न कर रही है।

कुल देवियों के मन्दिरों में भी खासी भीड़
प्रसिद्द और ऐतिहासिक प्राचीन देवी मन्दिरों के इतर कुल देवियों के मन्दिरों में भी भक्तों का हुजूम दर्शन पूजन के लिए उमड़ रहा है। जनपद के मऊ पहाड़ी राजापुर कर्वी आदि के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में स्थानीय कुल देवियों की विशेष पूजा अर्चना की जा रही है। मऊ थाना क्षेत्र में स्थापित प्राचीन ऐतिहासिक आनंदी माता मन्दिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बन्धोईन माता झारखंडी माता चौसठ योगिनी माता जैसी प्राचीन कुल देवियों की स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत पूजा आराधना का दौर जारी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर
नवरात्रि के पावन अवसर पर किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबन्ध किए हैं। असामाजिक अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने के लिए ख़ुफ़िया विभाग को भी एलर्ट किया गया है तो वहीं खाकी के जवान भी लगातार गश्त करते हुए ऐसे तत्वों पर नजर रख रहे हैं।