चित्तौड़गढ़। कहते हैं 'गरीबी' में इंसान या तो दब जाता है नहीं तो 'गरीबी' को ही दबा देता है। कुछ ऐसे ही उदाहरण के पात्र बने हैं किशन मीणा। जिनका गरीबी में जन्म हुआ। बड़े हुए तो इससे बाहर निकलने का सपना देखा। किसी तरह पढ़ाई की। हालांकि, आर्थिक तंगी लगातार उनका साया बनकर साथ रही। मजदूरी करने के लायक हुए तो, इसे भी किया। सालों हथौड़ा, सरिया, फावड़ा और कस्सी उठाया। लेकिन, गरीबी से निकलने की जिद पाले रहे। समय निकालकर पढ़ते। सरकारी परीक्षाओं की तैयारी करते और परीक्षाओं में भी बैठते, यह सोचकर कि अब इस बोझ से मुक्ति मिलेगी। मेहनत इनती की, कि भगवान भी पिघल गए। और इसी साल उन्हें शिक्षक की परीक्षा में सफलता मिली। उनकी यह कहानी प्रेरणा तो देती ही है साथ ही यह भी बताती है कि जो सक्सेस की राह में गरीबी को रोड़ा मानते हैं। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को कोसते हैं। उनके लिए इसके अलावे भी विकल्प हैं।