
पत्रिका फोटो
Churu Road Accident: चूरू के साहवा थाना क्षेत्र में कस्बे से 4 किमी दूर नोहर सड़क पर एक वाहन की टक्कर से साहवा निवासी बाइक सवार सुनील उर्फ सोनू पुत्र मघाराम उम्र 22 वर्ष की मौत हो गई, जिसे लेकर मृतक के पिता ने मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
मौके पर उपस्थित भीम आर्मी के जयसिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए मृतक के परिजनों को साथ लेकर मोर्चरी के सामने धरना शुरू कर शव लेने से इनकार कर दिया। हालांकि प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता के बाद मांगों पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त कर दिया। देर शाम पुलिस की उपस्थिति में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
मामले के अनुसार शुक्रवार सुबह मृतक बाइक सवार युवक सुनील उर्फ सोनू के पिता मघाराम पुत्र लीलूराम मेघवाल निवासी साहवा की रिपोर्ट पर साहवा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर राजकीय सीएचसी में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को शव लेने को कहा तो भीम आर्मी के जयसिंह जोगपाल ने विरोध किया। जोगपाल ने आरोप लगाया कि पुलिस अज्ञात वाहन चालक को बचाने का प्रयास कर रही है।
जोगपाल ने वाहन चालक की गिरफ्तारी तक परिजनों से शव को लेने से इंकार करवाकर मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया, जिसकी सूचना मिलते ही भीम आर्मी के हनुमानगढ जिला अध्यक्ष आलोक विवान अन्य लोगों के साथ धरना स्थल पर पहुंचकर चालक की गिरफ्तारी और वाहन की बरामदगी नहीं होने तक शव लेने से इनकार कर दिया। धरना प्रदर्शन की सूचना मिलने पर भाजपा नेता पराक्रम राठौड़ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सीएचसी कार्यालय में पिता की मौजूदगी में समझाइश का दौर चला। इस दौरान तारानगर एसडीएम राजेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे। प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद मामला सुलझ गया। परिजनों व नव विवाहिता को सहायता देने के आश्वासन के बाद शव को लेने पर परिजन सहमत हो गए। इसके बाद देर शाम को पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
गुरुवार शाम करीब 7 बजे साहवा से 4 किमी दूर चूरू के नोहर सड़क पर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार साहवा निवासी सुनील उर्फ सोनू पुत्र मेघराज मेघवाल (22) की मौके पर ही मौत हो गई थी। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस बाइक सवार को प्राथमिक उपचार के लिए श्रीमती मोहनी देवी चाचान राजकीय सीएचसी साहवा पहुंची, जहां चिकित्सकों ने बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाकर शुक्रवार सुबह मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंपना चाहा तो परिजनों ने शव लेने से इनकार कर धरना शुरू कर दिया। मृतक की शादी 9 दिसंबर को हुई थी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंच कर घायल को चिकित्सालय में पहुंचा कर वाहन की तलाश शुरू कर दी गई। सीमावर्ती नोहर व भादरा पुलिस थानों में सूचना देकर वाहन की तलाश में रात को टीम भेज दी गई थी और सुबह साहवा थाना की पांच टीम अलग स्थानों पर वाहन की तलाश में जुटी हुई हैं। सीसी टीवी से मिले फुटेज के अनुसार दुर्घटना सफेद रंग की एसयूवी की टक्कर से हुई है। मौके पर उसके बपर के टुकड़े भी मिले हैं। इन सब के आधार पर जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर ली जाएगी।
अल्का बिश्नोई थानाधिकारी, साहवा
Updated on:
14 Dec 2024, 10:24 AM IST
Published on:
14 Dec 2024, 10:23 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.