
इस साल आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन अक्टूबर—नवंबर में होने वाला है। इस बार टी20 वर्ल्डकप की मेजबानी भारत करने वाला है। ऐसे में इस वर्ल्ड कप में भाग लेने वाली हर टीम का खिलाड़ी चाहेगा कि उसे प्रैक्टिस के लिए ज्यादा से ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने को मिले। हालांकि टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिन्हें टी20 वर्ल्ड कप से पहले एक भी टी20 मैच मैच खेलने को न मिले। ऐसा भारतीय टीम के शेड्यूल के कारण हो सकता है। हालांकि वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया टी20 और वनडे सीरीज खेलेगी, लेकिन उसमें टीम इंडिया के कुछ बड़े खिलाड़ी शामिल नहीं होंगे।
टेस्ट सीरीज में रहेंगे बिजी
आगामी दिनों में टीम इंडिया का शेड्यूल कुछ ऐसा रहने वाला है कि टीम के कुछ बड़े खिलाड़ियों को टी20 वर्ल्ड कप से पहले एक भी टी20 मैच खेलने को न मिले। इन खिलाड़ियों में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली, उपकप्तान रोहित शर्मा, ओपनर केएल राहुल, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ी हैं। ऐसा इस वजह से है कि ये खिलाड़ी आगामी कुछ समय टेस्ट सीरीज खेलने में व्यस्त रहेंगे। टीम इंडिया को अगले महीने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल और इंग्लैंड के साथ सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड जाना है।
वनडे और टी20 सीरीज भी होगी
भारतीय टीम को सितंबर महीने के मध्य तक टेस्ट क्रिकेट खेलनी है। हालांकि इस दौरान टीम इंडिया को टी20 और वनडे सीरीज भी खेलनी है, लेकिन उस टीम में विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ी नहीं होंगे। वहीं सितंबर के मध्य से आईपीएल 2021 के बचे मैच भी आयोजित हो सकते हैं। ऐसे में इन खिलाड़ियों वर्ल्ड कप से पहले शायद एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच में खेलने का मौका नहीं मिले।
सितंबर से अक्टूबर के बीच खेले जा सकते हैं आईपीएल के शेष मैच
वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अगर सबकुछ सही रहा तो आईपीएल 2021 के बचे हुए मैच सितंबर से अक्टूबर के बीच खेले जा सकते हैं। इसके बाद अक्टूबर—नवंबर में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप शुरू हो जाएंगे। इस तरह बड़े खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने के बाद आइपीएल खेलेंगे और फिर उसके बाद टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे। हालांकि इस दौरान शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, पृथ्वी शॉ और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ी श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज खेलेंगे।
Published on:
26 May 2021, 12:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.