
अभिषेक शर्मा (फोटो-BCCI)
IND vs NZ 3rd T20 Highlights: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही T20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराकर सीरीज पर कब्जा कर लिया है। वेलिंगटन में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 198 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 199 रन के लक्ष्य को 13.2 ओवर में 4 विकेट गंवाकर आसानी से हासिल कर लिया, जिसमें अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार शतकीय पारी खेली।
इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने 11 छक्के और 9 चौकों की धमाकेदार पारी खेलते हुए 38 गेंदों में 113 रन बनाए। इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग करने के लिए भेजा गया, जहां उन्होंने चार चौके और चार छक्कों की मदद से 19 गेंदों में 45 रन ठोक दिए। इन दोनों की तूफानी बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड की हार तय कर दी थी और बचा हुआ काम तिलक वर्मा और नमन धीर ने पूरा कर दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने एक बार फिर टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत की और अर्शदीप सिंह ने टीम सीफर्ट को सिर्फ दो रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। लेकिन उसके बाद से फिन एलन और डेरिल मिचेल ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए टीम को 90 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। फिन एलन 25 गेंदों में पांच छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए, तो दूसरी ओर डेरिल मिचेल ने 52 गेंदों में 89 रनों की पारी खेली, जिसमें पांच चौके और पांच छक्के शामिल थे।
इस मुकाबले में ग्लेन फिलिप्स का बल्ला नहीं चला और उन्हें अक्षर पटेल ने अपनी ही गेंद पर कैच कर लिया। फिलिप्स सिर्फ 17 रन बना पाए, तो बेवन जैकब्स ने 23 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर महंगे साबित रहे। उन्होंने चार ओवर में 40 रन लुटाए और कोई सफलता नहीं मिली, तो वहीं प्रिंस यादव ने चार ओवर में 44 रन खर्च कर दिए। इसके अलावा अक्षर पटेल ने चार ओवर में 36 और नीतीश कुमार रेड्डी ने चार ओवर में 38 रन दिए, जबकि अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 33 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। इस बार संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जगह अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ओपनिंग करने उतरी और दोनों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले तक टीम इंडिया को 113 के स्कोर तक पहुंचा दिया। यह टीम इंडिया का पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है।
सूर्यवंशी आठवें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए, तब टीम इंडिया ने 133 रन बना लिए थे। अभिषेक शर्मा 10वें ओवर में आउट हुए, तब टीम इंडिया 178 रन बना चुकी थी और यहां से लगभग मैच खत्म हो चुका था। 10 ओवर में भारतीय टीम ने 178 रन बना लिए थे और यहां से जीत के लिए सिर्फ 21 रन चाहिए थे। अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों में 113 रन की तूफानी पारी खेल डाली, जिसमें 9 चौके और 11 छक्के शामिल थे। यह T20 इंटरनेशनल में अभिषेक शर्मा का चौथा शतक है। इसके अलावा, T20 क्रिकेट में उनका यह 11वां शतक है।
दोनों के आउट होने के बाद संजू सैमसन 13 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए, तो श्रेयस अय्यर 10 गेंदों में पांच रन बनाकर आउट हुए। लेकिन बचा हुआ काम तिलक वर्मा और नमन धीर ने आसानी से कर दिया और 13.2 ओवर में भारतीय टीम ने चार विकेट गंवाकर मैच के साथ सीरीज पर भी कब्जा कर लिया।
Updated on:
27 Oct 2026, 4:08 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 3:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.