
Rashid Khan Marriage: दुनिया के बेहतरीन लेग स्पिनरों में शुमार अफगानिस्तान के क्रिकेटर राशिद खान ने शादी कर ली है। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में राशिद खान ने पारंपरिक पश्तून रीति-रिवाजों के मुताबिक निकाह कबूल किया। इस शादी समारोह में मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, नजीबुल्लाह जादरान, रहमत शाह, मुजबी उर रहमान समेत कई अफगान क्रिकेटर भी शामिल हुए।
इस मौके पर 26 वर्षीय राशिद खान के तीन भाई जकीउल्लाह, नुमान और नसीम खान ने भी निकाह कबूल किया। सोशल मीडिया पर राशिद खान के निकाह की तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैंं। राशिद खान की पत्नी की बात करें तो इंटरनेट पर अब तक उनकी कोई तस्वीर सामने नहीं है। यहां तक कि राशिद खान की पत्नी की पहचान और नाम भी फिलहाल गुप्त रखा गया है।
राशिद के टीम साथी मोहम्मद नबी ने 'एक्स' पर लिखा, 'दुनिया के इकलौते किंग खान, राशिद खान को शादी करने के लिए बधाई! आपको जीवन भर प्यार, खुशी और सफलता की शुभकामनाएं।'
गौरतलब है कि राशिद खान ने अफगानिस्तान की ओर से 105 वनडे मैच में 1322 रन बनाए और 109 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा 93 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 460 रन बनाए और 152 विकेट झटके हैं। उन्होंने अब तक पांच टेस्ट मैच में कुल 106 रन बना चुके हैं, साथ ही 34 विकेट भी चटकाए हैं।
Updated on:
4 Oct 2024, 4:08 PM IST
Published on:
4 Oct 2024, 4:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.