
अफरीदी, गेल, मैकुलम जैसे तूफानी बल्लेबाज दिखाएंगे अपना जलवा, अगले महीने शुरू होगा ये T-20 टूर्नामेंट
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग की सफलता को देखते हुए भारत के पड़ोसी देशों में भी क्रिकेट लीग खेले जा रहे है। पाकिस्तान में पाकिस्तान सुपर लीग, श्रीलंका में श्रीलंका सुपर लीग और बांग्लादेश में बांग्लादेश सुपर लीग खेले जा रहे है। अब इस कड़ी में भारत के एक और पड़ोसी देश का नाम जुड़ गया है। पड़ोसी मुल्क अफगानिस्तान में अफगानिस्ता प्रीमियर लीग के नाम से टी-20 क्रिकेट लीग का आगाज होने जा रहा है। इस लीग के पहले सीजन की शुरुआत अगले महीने पांच अक्टूबर से होगी। खास बात यह है कि इस लीग में कई विस्फोटक बल्लेबाज और दिग्गज गेंदबाज खेलते दिखेंगे।
टूर्नामेंट में भाग लेगी पांच टीमें-
अफगान लीग के पहले संस्करण में पांच टीमें पकतिया, काबुल, बल्ख, नांगरहार और कंधार शामिल हैं। सभी फ्रेंचाइजियों की 17 से 20 सदस्यीय टीमें हैं। सभी टीमों ने स्थानीय खिलाड़ियों के अलावा पांच-पांच विदेशी और एक एसोसिएट खिलाड़ी को रखा जाएगा जिन्हें ड्राफ्ट सिस्टम से चुना जाएगा। अफगान लीग कितना सफल हो पाता है, यह तो आने वाला वक्त बताएगा। लेकिन इतना तो तय है कि विस्फोटक बल्लेबाजों की बल्लेबाजी एक बार फिर दर्शकों को देखने को मिलेगी।
अफरीदी, गेल, मैकुलम जैसे दिग्गज -
इस लीग में पाकिस्तान के विस्फोटक बल्लेबाज शाहिद अफरीदी, वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल और आंद्रे रसेल न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम जैसे दिग्गज खिलाड़ी अपना जलवा बिखेरने उतरेंगे। इन सभी खिलाड़ियों को टी 20 लीग की फ्रेंचाइजियों ने अपना आइकन खिलाड़ी चुना है।
कई इंटरनेशनल क्रिकेटर शामिल-
17 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े खिलाड़ियों में क्रिस जार्डन, तिषारा परेरा, ल्यूक रोंची, वाएने पार्नेल, कोलिन मुनरो, रवि बोपारा, मिशेल मेक्लेनेगन, मुशफिकुर रहीम, मोहम्मद हफीज, बेन कटिंग और वहाब रियाज जैसे चेहरे शामिल हैं।
एसोसिएट टीम से ये खिलाड़ी -
दूसरी ओर एसोसिएट टीमों में संदीप लामिछाने, कैलम मैकलियोड और रेयान टेन डोएशाटे चर्चित चेहरे हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान अफरीदी पकतिया टीम के आइकन खिलाड़ी हैं। अफगानिस्तान की नयी सनसनी और स्टार स्पिनर राशिद को काबुल टीम का चेहरा बनाया गया है। इसके अलावा बल्ख टीम के आइकन कैरेबियाई तूफान गेल, नानघरहार के आंद्रे रसेल और कंधार के आइकन खिलाड़ी मैकुलम हैं।
Published on:
11 Sep 2018, 8:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.