
केविन पीटरसन ने इंग्लैंड टीम को लगाई लताड़।
Ashes Series 2023 : इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज 2023 का दूसरा मुकाबला लॉडर्स में खेला जा रहा है। पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 339 रन बनाने के साथ ही मैच पर भी मजबूत पकड़ बना ली है। इंग्लैंड को सीरीज में बने रहने के लिए ये मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया टीम ने पांच मैचों की इस सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है। दूसरे टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड के गेंदबाजों का प्रदर्शन देख पूर्व कप्तान केविन पीटरसन काफी नाराज नजर आए। उन्होंने अपनी ही टीम को जमकर लताड़ लगाई है। इतना ही नहीं उन्होंने इंग्लैंड के प्रदर्शन को शर्मनाक भी करार दे दिया है।
दरअसल, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। विकेट पर घास और आसमान में बादल छाने के बावजूद इंग्लैंड के तेज गेंदबाज परिस्थितियों को फायदा उठाने में नाकाम रहे। वह लंच तक ऑस्ट्रेलिया का सिर्फ एक ही विकेट गिरा सके।
दूसरा सेशन भी कंगारुओं के नाम ही रहा। जोश टंग के एक विकेट को छोड़कर इंग्लैंड के गेंदबाज जूझते दिखे। स्टीव स्मिथ ने मार्नस लाबुशेन और ट्रेविस हेड के साथ शतकीय साझेदारी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को पहले दिन ही काफी मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।
इंग्लैंड की गेंदबाजी वाकई शर्मनाक : पीटरसन
केविन पीटरसन ने स्काई स्पोर्ट्स पर कहा कि इंग्लैंड की गेंदबाजी वाकई शर्मनाक थी। कंडीशन ओवरकास्ट थी। ये विकेट आपके तेज गेंदबाजों के अनुकूल था और आपके पास 78-79 मील प्रति घंटे की रफ्तार से बॉल फेंकने वाले गेंदबाज भी थे। पीटरसन ने कहा कि इस प्रदर्शन के लिए कोच ब्रैंडन मैकुलम खिलाड़ियों को कड़ी फटकार लगाएं और उन्हें ये बताएं कि वो अच्छे नहीं थे।
यह भी पढ़ें : लंदन में छुट्टियां मना रहे विराट कोहली और मोहम्मद शमी, सामने आई ये तस्वीरें
गेंदबाजों की बॉडी लेंग्वेज को लेकर भी आलोचना
पीटरसन ने इंग्लैंड टीम के गेंदबाजों की बॉडी लेंग्वेज को लेकर भी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इंग्लिश तेज गेंदबाजों से ज्यादा उत्सुक तो ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज बैटिंग के लिए थे। हम अच्छा माहौल तो बना रहे हैं, लेकिन ये एशेज नहीं है।
पीटरसन ने कहा कि मैं भी एशेज सीरीज खेला हूं। बारिश के ब्रेक के बाद हमारे गेंदबाजों से पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम के बल्लेबाज मैदान पर थे। जबकि इंग्लैंड के गेंदबाजों में ये बेताबी नजर नहीं आई।
यह भी पढ़ें : बुमराह और राहुल की फिटनेस को लेकर आया बड़ा अपडेट, इस टूर्नामेंट से करेंगे वापसी
Published on:
29 Jun 2023, 1:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.