नई दिल्ली। एशिया कप 2018 में रविवार को खेले गए सुपर फोर के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को तीन रन के अंतर से हराया। अबू धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेले गया यह मैच काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बीच आखिरी गेंद तक कड़ा संघर्ष देखा गया। बांग्लादेश ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान के सामने 250 रनों का लक्ष्य रखा था। जिसका पीछा करते हुए अफगानिस्तान की टीम निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 246 रन ही बना सकी। इस हार के साथ ही अफगानिस्तान के फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया है। बता दें कि सुपर फोर में अफगानिस्तान की टीम को दो लगतार हार मिली है।