
Asia Cup 2022
एशिया कप 2022 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत ही रोमांचक मुकाबला हुआ। भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया की इस जीत के हीरो हार्दिक पांड्या रहे। उन्होंने इस मुकाबले में ऑलराउंडर प्रदर्शन किया। पहले शानदार गेंदबाजी और बाद में मैच भी फिनिश किया। अंतिम ओवर में पांड्या ने शानदार सिक्स लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिया गया। एक समय ऐसा लगा था कि पाकिस्तान ये मैच जीत सकता है लेकिन हार्दिक ने अपने दम पर पूरा मैच भारत की झोली में डाल दिया। हार्दिक की अब हर कोई तारीफ कर रहा है। यहां तक की पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने भी उन्हें बधाई दी है।
हार्दिक पांड्या का बयान
खैर टीम इंडिया को मैच जीताने के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा, गेंदबाजी में अपने असली हथियार का इस्तेमाल करना जरूरी थी। मैंने स्थिति के हिसाब से बॉल डाली। शॉर्ट बॉल और हार्ड लेंथ की बॉल डालना मेरी ताकत रही है। यहां पर मैंने ऐसा ही किया और बल्लेबाजों ने गलती की और विकेट मिल गया। रन चेज में हमेशा ओवर टू ओवर प्लान होता है।
उन्होंने आगे कहा, मेरे दिमाग में ये जरूर था कि एक यंग स्पिनर का ओवर बचा हुआ है। हमें अंतिम ओवर में सात रन चाहिए थे। अगर 15 भी चाहिए होते तो मैं इसे अपने ऊपर लेकर बना लेता। मुझे पता था कि 20वें ओवर में मुझसे ज्यादा दबाव में गेंदबाज होगा। इसका मैंने फायदा उठाया। मैंने मैच कैसे फिनिश किया जाता है ये माही भाई से सीखा है। शायद वो नहीं होते तो ये काम कभी नहीं कर पाता।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान पर टीम इंडिया की धमाकेदार जीत पर PM मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने दी बधाई
भारतीय टीम की जीत
भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। ये फैसला उनका बहुत सही रहा। पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज विकेट पर टिक नहीं पाया और पूरी टीम 19.5 में 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भुवनेश्वर कुमार ने चार और हार्दिक पांड्या ने तीन विकेट लिए। जवाब में भारतीय टीम ने 19.5 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की तरफ से पांड्या 17 गेंदों में 33 रन बनाकर नाबाद रहे। रवींद्र जडेजा और विराट कोहली ने भी 35-35 रनों का योगदान दिया।
यह भी पढ़ें- Asia Cup 2022: हार्दिक पांड्या के ऑलराउंडर प्रदर्शन से लेकर पाकिस्तान की गलती तक, मैच की 5 बड़ी बातें
Updated on:
30 Aug 2022, 8:56 AM IST
Published on:
29 Aug 2022, 10:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.