
Asia Cup 2018: श्रीलंका की टीम का ऐलान, एक साल बाद मलिंगा की वापसी
नई दिल्ली। एशियाई क्रिकेट टीमों के बीच होने वाला क्रिकेट का सबसे बड़ा टूर्नामेंट एशिया कप इस महीने की 15 तारीख से संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित होने जा रही है। इसमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान के साथ-साथ एक और टीम भाग लेगी। इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आज ही अपने टीम का ऐलान किया था। भारत के बाद आज श्रीलंका ने भी अपने टीम का ऐलान कर दिया है। श्रीलंका क्रिकेट टीम ने अपने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। लंका की टीम की खास बात यह है कि दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा करीब एक साल के बाद टीम में वापसी करने में सफल हो सके हैं।
2017 में खेला था आखिरी मैच-
श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा की आखिरकार एक साल बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी हो गई। उन्हें एशिया कप के लिए 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। 35 साल के मलिंगा ने अपना पिछला वनडे मैच में सितंबर 2017 में भारत के खिलाफ खेला था। वह कभी घुटने की चोट से तो कभी फिटनेस के कारण एक साल से राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे थे। मलिंगा की गैरमौजूदगी में श्रीलंका ने पिछले 12 सीरीज में से केवल दो जीते हैं।
चांडीमल की भी हुई वापसी-
मलिंगा के अलावा छह मैचों के लिए प्रतिबंधित किए गए दिनेश चांडीमल की भी टीम में वापसी हुई है। वहीं, दानुष्का गुणाथिलाका भी छह मैचों के प्रतिबंध के बाद एशिया कप से राष्ट्रीय टीम में वापसी करेंगे। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा रहे निरोशन डिकवेला, लाहिरू कुमारा, प्रबोथ जयसूर्या और शेहान जयसूर्या टीम में जगह बनाने में विफल रहे हैं। एशिया कप में श्रीलंका को अपना पहला मैच 15 सितंबर को दुबई में बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है।
एशिया कप के लिए श्रीलंका की टीम :-
एंजेलो मैथ्यूज (कप्तान), कुसल परेरा, कुसल मेंडिस, उपुल थरंगा, दिनेश चांडीमल, दानुष्का गुणातिलाका, थिसारा परेरा, दासुन शनाका, धनंजय डी सिल्वा, अकिला धनंजय, दिलरूवान परेरा, अमिला अपोंसो, कसुन रजीता, सुरंगा लकमल, दुष्मंता चमीरा, लसिथ मलिंगा।
मलिंगा का चयन महत्वपूर्ण-
लसिथ मलिंगा की गेंदबाजी में अब पहले जैसी बात भले ही नजर नहीं आती हो, लेकिन उनका नाम बहुत बड़ा है। मलिंगा के टीम में होते ही विरोधी टीम के बल्लेबाजों की सरदर्दी बढ़ जाती है। मलिंगा किसी भी समय मैच का रूख बदलने में माहिर है। आपको याद होगा कि 2007 वर्ल्ड कप के एक मैच में मलिंगा ने दक्षिण अफ्रीका के चार बल्लेबाजों को चार लगातार गेंदों पर आउट कर दिया था।
Published on:
1 Sep 2018, 8:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.