
ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर मेगन शट। (Photo- IANS)
Megan Schutt Suspended for Two Matches: ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मेगन शट को दो मैचों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर यह कार्रवाई डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवाओं के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने के कारण की गई है। गुरुवार को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसकी जानकारी दी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक, मेगन शट पर लगाया गया यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट, दोनों पर समान रूप से लागू होगा। इसके चलते वह गुरुवार को नॉर्थ सिडनी ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेल पाएंगी। इसके अलावा, वह 31 अक्टूबर को महिला बिग बैश लीग के 12वें सीजन के शुरुआती मुकाबले से भी बाहर रहेंगी। इसका मतलब है कि मेगन शट 31 अक्टूबर को एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ नहीं खेल पाएंगी।
ऑस्ट्रेलियाई महिला तेज गेंदबाज मेगन शट के खिलाफ की गई कार्रवाई के संबंध में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि यह उल्लंघन डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवाओं के संबंध में खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा दिशानिर्देशों के तहत तय आवश्यकताओं का पालन नहीं करने से जुड़ा था। यह नियमों के उल्लंघन की एकमात्र घटना थी, जो प्रतियोगिता से बाहर रहने के दौरान हुई।
ऑस्ट्रेलियाई महिला तेज गेंदबाज मेगन शट ने अपनी सजा स्वीकार कर ली है। उन्होंने नियमों का पालन नहीं कर पाने के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि इस मामले के कारण चर्चा में आने के लिए उन्हें खेद है। साथ ही, उन्होंने लोगों से मिले समर्थन के लिए आभार भी जताया। मेगन शट ने कहा कि खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा से संबंधित दिशानिर्देशों का पालन करना उनकी जिम्मेदारी है और उन्हें इन नियमों का पालन करना चाहिए था।
33 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई महिला तेज गेंदबाज मेगन शट ने 4 महिला टेस्ट मैचों में कुल 9 विकेट लिए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 26 रन देकर 4 विकेट है। वहीं, उन्होंने 114 महिला वनडे मैचों में 4.23 की इकॉनमी रेट और 23.07 की औसत से कुल 158 विकेट लिए हैं। महिला वनडे क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन देकर 5 विकेट है। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की बात करें तो मेगन शट ने 126 मैचों में 6.39 की इकॉनमी रेट और 17.84 की औसत से कुल 152 विकेट लिए हैं। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 15 रन देकर 5 विकेट है।
Updated on:
22 Oct 2026 12:14 pm
Published on:
22 Oct 2026 11:32 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
