22 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भुवनेश्वर कुमार की 4 साल बाद आज होगी मैदान पर वापसी, निशाने पर एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Bhuvneshwar Kumar: भारत के स्विंग मास्‍टर भुवनेश्वर कुमार आज गुरुवार को 4 साल बाद मैदान पर नजर आने वाले हैं। उम्‍मीद है कि वह पहले से भी कहीं बेहतर गेंदबाजी कर टीम इंडिया की अगली कुछ जीतों में शानदार प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान उनके पास कई रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। हालांकि उनकी नजर सबसे ज्‍यादा बार 5 विकेट हॉल लेने का वर्ल्‍ड रिकॉर्ड बनाने पर होगी।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

lokesh verma

•

Oct 22, 2026

Bhuvneshwar Kumar, NZ vs IND 1st T20I,

भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्‍वर कुमार। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/ImTanujKumar)

Bhuvneshwar Kumar T20I Records: भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच सभी तीनों फॉर्मेट की महासीरीज का आगाज आज गुरुवार को पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से होने जा रहा है। इस सीरीज का पहला मुकाबला क्राइस्‍टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाना है। इस मुकाबले में सबकी नजर 4 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने वाले स्विंग मास्‍टर भुवनेश्‍वर कुमार पर टिकी होंगी, जिन्‍होंने आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया में वापसी की है। वहीं, भुवी की नजर उस खास रिकॉर्ड पर होगी, जो वह चार साल पहले छोड़कर गए थे। आइये एक नजर इस खास रिकॉर्ड पर डालते हैं।

भुवनेश्‍वर कुमार न्‍यूजीलैंड के दौरे पर कौन सा वर्ल्‍ड रिकॉर्ड बना सकते हैं?

बता दें कि जब भुवनेश्‍वर कुमार चार साल पहले भारत के लिए आखिरी बार टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेले, तब वह पाकिस्‍तान के उमर गुल और श्रीलंका के लसिथ मलिंगा के सबसे ज्‍यादा बार पांच विकेट हॉल लेने के वर्ल्‍ड रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके थे। उस समय वह सबसे ज्‍यादा 2 बार 5 विकेट हॉल लेने वाले दुनिया के तीसरे गेंदबाज बने थे। उसके बाद इस फेहरिस्‍त में तीन नए नाम और शामिल हो गए हैं, लेकिन अभी तक कोई भी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दो से ज्‍यादा बार पांच विकेट हॉल अपने नाम नहीं कर सका है। 36 वर्षीय अनुभवी भुवनेश्‍वर के पास न्‍यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में इस कीर्तिमान को अपने नाम करने का सुनहरा मौका होगा।

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे पहले दो बार 5 विकेट हॉल लेने वाला गेंदबाज कौन है?

बता दें कि सबसे पहले टी20 इंटरनेशनल में दो बार 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज पाकिस्तान के उमर गुल थे। उन्‍होंने 2009 टी20 वर्ल्‍ड कप में न्यूजीलैंड और 2013 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ये कारनामा किया था। इसके बाद श्रीलंका के पेसर लसिथ मलिंगा ने 2012 में इंग्लैंड और 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट लिए थे। इसके बाद भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का नाम है। भुवी साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के खिलाफ 5-5 विकेट चटका चुके हैं।

भुवनेश्‍वर कुमार के बाद कौन से गेंदबाजों ने लिए दो-दो बार पांच विकेट हॉल?

भुवी के बाद न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी हैं, जिन्‍होंने पाकिस्तान के खिलाफ 2010 में और यूएई के खिलाफ 2023 में 5-5 विकेट लिए थे। बांग्लादेश के पेसर मुस्तफिजुर रहमान इस लिस्‍ट में पांचवें नंबर पर हैं, जिन्‍होंने 2016 में न्यूजीलैंड और 2024 में अमेरिका के खिलाफ 5-5 विकेट लिए थे। भारत के खिलाफ हाल ही में खत्‍म हुई सीरीज में वेस्‍टइंडीज के ऑलराउंडर कीमो पॉल का नाम भी इस एलीट ग्रुप में शामिल हो गया है। उन्‍होंने 2018 में बांग्लादेश के खिलाफ और भारत के खिलाफ इसी साल 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं।

भुवनेश्‍वर कुमार का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर कैसा रहा है?

भुवनेश्‍वर कुमार के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्‍होंने अब तक 88 मुकाबले भारत के लिए खेले हैं, जिनकी 86 पारियों में उन्‍होंने 90 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका औसत 23.1 और इकॉनमी महज 6.96 की रही है। उनका सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन चार रन देकर पांच विकेट रहा है। वह इस फॉर्मेट में तीन बार चार विकेट और दो बार पांच विकेट हॉल ले चुके हैं।