
रोहित की कप्तानी और द्रविड़ की कोचिंग पर संकट, बीसीसीआई की बैठक में आज होगा फैसला।
BCCI Apex Council Meeting : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की अपेक्स काउंसिल की अहम बैठक आज होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए जाएंगे। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने काफी खराब प्रदर्शन किया है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट से हार गई थी। इसके बाद आलोचनाओं का दौर शुरू हुआ तो बीसीसीआई ने चयनकर्ताओं पर गाज गिरा दी। उसके बाद से ही टी20 फॉर्मेट में रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाने की मांग की जा रही है। वहीं, कोच राहुल द्रविड़ को लेकर भी इस बैठक में बड़ा फैसला लिया जा सकता है। ऐसे में रोहित शर्मा की कप्तानी और राहुल द्रविड़ की कोचिंग पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
बीसीसीआई की अपेक्स काउंसिल की बैठक में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को टी20 फॉर्मेट का फुलटाइम कप्तान बनाया जा सका है। बता दें कि टीम इंडिया को अगली टी20 सीरीज भारत में ही श्रीलंका के खिलाफ घर में खेलनी है। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ हार्दिक पांड्या को कप्तानी की कमान सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही बीसीसीआई की बैठक में कप्तानी और कोच वाले मामले काफी अहम होने वाले हैं।
नए सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट की हो सकती है घोषणा
कप्तान और कोच के साथ ही बीसीसीआई को नई सेलेक्शन कमेटी भी घोषित करनी है। माना जा रहा है कि इसको लेकर भी बैठक में कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा अगले वित्त वर्ष के लिए भारतीय क्रिकेटर्स के नए सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट की घोषणा भी की जा सकती है। सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट में ये देखना महत्वपूर्ण हो कि किस खिलाड़ी को बाहर किया जाएगा और किस नए खिलाड़ी को जगह दी जाएगी।
यह भी पढ़े - विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की रैंकिंग में पाकिस्तान 7वें स्थान पर खिसका
वनडे वर्ल्ड कप में हो सकता है नया कप्तान
इस बैठक में शामिल होने वाले एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि बतौर एजेंडा कई सारे मुद्दों पर बैठक में चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप रीव्यू का मामला पहले कोई आधिकारिक मुद्दा नहीं था, लेकिन अध्यक्ष इस पर चर्चा चाहते हैं। इसलिए यह भी महत्वपूर्ण एजेंडा होगा। उन्होंने कहा कि हमें पता है कि अगला आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में होगा। फिलहाल हमें वनडे वर्ल्ड कप 2023 पर फोकस करना है। चाहे वह किसी नए कप्तान के नेतृत्व में हो या फिर रोहित शर्मा की कप्तानी में, इस पर चर्चा की जाएगी।
यह भी पढ़े - धोनी की सीएसके इस दिग्गज ऑलराउंडर को खरीदने के लिए लगाएगी सबसे ऊंची बोली
Published on:
21 Dec 2022, 10:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.