
रोहित-विराट जैसे इन 7 दिग्गजों की टी20 फॉर्मेट से होगी छुट्टी, बीसीसीआई ने दिया अल्टीमेटम।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 और एशिया कप 2022 में भारतीय टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई ने बड़े बदलाव की तैयारी कर ली है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआइ और चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा, विराट कोहली, लोकेश राहुल, स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और विकेटकीपर दिनेश कार्तिक को साफ संकेत दे दिए हैं कि अब उनका टी-20 प्रारूप में कोई भविष्य नहीं है और युवाओं को मौका दिया जाएगा। इसके साथ ही विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को प्रदर्शन सुधारने के लिए अल्टीमेटम दिया गया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के एक सूत्र ने बताया कि हमारे पास 2024 टी20 वर्ल्ड कप के लिए योजना है। हमारे 35-36 खिलाड़ियों के कोर ग्रुप में कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जो लंबे समय तक टीम के साथ फिट नहीं बैठ रहे हैं। यदि अब नए सिरे से टीम का गठन नहीं किया गया तो फिर कब किया जाएगा। यही वजह है कि श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में युवाओं को मौका दिया गया है।
रोहित सिर्फ वनडे और टेस्ट कप्तान
रोहित सिर्फ वनडे और टेस्ट की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। बोर्ड ने कह दिया है कि टीम अब टी-20 में उनसे आगे की ओर देख रही है। रोहित शर्मा ने 148 अंतरराष्ट्रीय टी20 में 3853 रन बनाए हैं।
कोहली के टी20 क्रिकेट खेलने के चांस कम
विराट कोहली की बात करें तो बोर्ड ने अभी पूरी से खारिज नहीं किया है, लेकिन विराट के भविष्य में टी20 क्रिकेट खेलने के चांस बहुत कम हैं। उन्होंने 115 टी20 में 4008 रन बनाए हैं।
केएल राहुल नहीं बैठ रहे फिट
केएल राहुल के लिए बोर्ड ने साफ कहा है कि वह टी20 फॉर्मेट में फिट नहीं बैठ रहे हैं। राहुल के टी20 फॉर्मेट में खेलने की संभावना बहुत कम है। केएल राहुल ने 72 मैचों में 2265 रन बनाए हैं।
अश्विन का टी20 करियर पूरी तरह खत्म
36 वर्षीय अश्विन का टी-20 करियर पूरी तरह से खत्म हो चुका है। विश्व कप में उनका प्रदर्शन साधारण रहा। अश्विन ने 65 अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबलों में 72 विकेट लिए हैं।
भुवी का निराशाजनक प्रदर्शन
32 साल के भुवनेश्वर कुमार के लिए एशिया कप और विश्व कप काफी निराशाजनक रहा। वह टी-20 के अलावा वनडे में भी शायद ही खेलते नजर आएं। उन्होंने 87 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 90 विकेट लिए हैं।
यह भी पढ़े - टी-20 वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, देखें पूरा शेड्यूल
कुछ खास नहीं कर पाए शमी
32 वर्षीय मोहम्मद शमी का पिछले दो टी20 विश्व कप में कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा है। उन्होंने 23 अंतरराष्ट्रीय टी20 में 24 विकेट लिए हैं।
कार्तिक का करियर अब लगभग खत्म
37 वर्षीय दिनेश कार्तिक का अंतरराष्ट्रीय करियर अब लगभग पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने 60 अंतरराष्ट्रीय टी20 में 686 रन बनाए हैं।
पंत को कड़ा संदेश
बोर्ड ने ऋषभ पंत को प्रदर्शन सुधारने के लिए कड़ा संदेश दिया है। श्रीलंका के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज से विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। पंत को वनडे और टी-20 में कई मौके मिले, लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। पंत ने 66 अंतरराष्ट्रीय टी-20 में 987 रन बनाए हैं।
यह भी पढ़े - भारत दौरे के लिए श्रीलंका की टीम का ऐलान, टीम इंडिया के सबसे बड़े दुश्मन की वापसी
Published on:
29 Dec 2022, 12:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.