
Brendan Taylor
जिम्बाव्वे के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर (Brendan Taylor) ने बड़ा खुलासा किया है। ब्रेंडन टेलर ने स्वीकार किया कि स्पॉट फिक्सिंग में शामिल होने के लिए भारत में सट्टेबाजों ने उनसे संपर्क किया था। ब्रेंडन टेलर ने ट्विटर पर लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर करते हुए इस बात की जानकारी दी है। ब्रेंडन टेलर ने अपने पोस्ट में ये भी लिखा कि अब इस बात के सामने आने के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) अब उन पर कई साल का प्रतिबंध लगाएगी। ब्रेंडन टेलर ने कहा कि वो बहक गए थे और इसी के चलते उन्होंने नशीले पदार्थ का भी सेवन किया था। टेलर ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम ने उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भारी असर डाला और अब वो रिहेब में भर्ती हैं।
ब्रेंडन टेलर ने लिखा, 'मैं 2 साल से अधिक समय से ये बोझ ढो रहा हूं। ये बात मुझे और गर्त में लेती जा रही है। मेरे मानसिक स्वास्थ्य पर इसका गहरा प्रभाव पड़ा है। मैंने हाल ही में अपने करीबी दोस्तों और परिवार के साथ इस कहानी को शेयर किया। मुझे लगता है कि मैं बहुत शर्मिंदा और भयभीत था।'
ब्रेंडन टेलर ने लिखा, 'अक्टूबर 2019 के अंत में, मुझे एक इंडियन बिजनेसमैन द्वारा अनुरोध किया गया था कि मैं जिम्बाब्वे में एक टी -20 प्रतियोगिता के प्रायोजन और संभावित लॉन्च पर चर्चा करने के लिए भारत आऊं। मुझे सलाह दी गई कि मुझे यात्रा करने के लिए $ 15,000 का भुगतान किया जाएगा। मैं इनकार नहीं कर सका क्योंकि समय ऐसा था कि हमें जिम्बाब्वे क्रिकेट द्वारा 6 महीने से पैसा नहीं दिया गया था और यह संदिग्ध था कि जिम्बाब्वे क्रिकेट इंटरनेशनल क्रिेकट में आगे जारी रख पाएगा या नहीं।'
जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान ने कहा, 'इसलिए मैं भारत गया। चर्चा हुई, जैसा कि उन्होंने कहा था, और होटल में हमारी आखिरी रात को, इंडियन बिजनेसमैन और उनके सहयोगी मुझे जश्न मनाने के लिए ले गए। हमने शराब पी और इस दौरान खुले तौर पर मुझे कोकीन की पेशकश की गई। जिसमें वे खुद लगे हुए थे, और मैंने मूर्खता से नशा कर लिया।'
ब्रेंडन टेलर ने कहा, 'अगली सुबह, वही लोग मेरे होटल के कमरे में घुस आए और मुझे कोकीन करने से एक रात पहले का वीडियो दिखाया और मुझसे कहा कि अगर मैंने उनके लिए इंटरनेशनल मैचों में स्पॉट फिक्स नहीं किया, तो वीडियो वायरल कर देंगे। 6 लोगों के साथ मेरे होटल के कमरे में वो आए थे। मैं खुद की सुरक्षा के लिए डर रहा था। मैं स्वेच्छा से ऐसी स्थिति में चला गया जिसने मेरे जीवन को हमेशा के लिए बदल दिया।' इसके अलावा भी ब्रेंडन टेलर ने अपने पोस्ट में उसे रात के बारे में काफी कुछ लिखा है।
यह भी पढ़ें: 3 कारण जो बताते हैं कि धोनी का पहला प्यार है इंडियन आर्मी
Updated on:
24 Jan 2022, 3:17 PM IST
Published on:
24 Jan 2022, 2:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.