
नई दिल्ली। सेंचुरियन में भारत की हार के साथ-साथ भारतीय टेस्ट टीम के विशेषज्ञ बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा के नाम पर एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। चेतेश्वर पुजारा पहले भारतीय बल्लेबाज बने, जो किसी टेस्ट मैच की दोनों पारियों में रनआउट हुए हो। बता दें कि पुजारा को पहली पारी में लुंगी नगिडी की सीधी थ्रो पर आउट होना पड़ा था। वही दूसरी पारी डिविलियर्स और विकेटकीपर डी कॉक की चुस्त फिल्डिंग के कारण पुजारा को रन आउट होकर पवेलियन वापस आना पड़ा। बता दें कि सेंचुरियन टेस्ट में पांच बल्लेबाजों की पारी का अंत रन आउट के माध्यम से हुआ। दो बार पुजारा के अलावा भारतीय पारी से हार्दिक पांड्या भी रन आउट ही हुए थे। जबकि दक्षिण अफ्रीका की ओर से पहली पारी में हाशिम अमला और वेर्नोन फिलेंडर रन आउट हुए थे।
दुनिया के 23वें बल्लेबाज बने पुजारा
भारतीय टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में एक ऐसा रिकार्ड अपने नाम कर लिया है जिससे हर खिलाड़ी दूर रहना चाहेगा। पुजारा मैच के आखिरी और पांचवें दिन बुधवार को भारत की दूसरी पारी में रन आउट हुए। इसी के साथ वह टेस्ट मैच की दोनों पारियों में रन आउट होने वाले भारत के पहले और दुनिया के 23वें बल्लेबाज बन गए हैं।
डाइव भी न बचा सकी पुजारा को
पार्थिव पटेल ने वर्नोन फिलेंडर की एक गेंद गली की दिशा में खेली जिस पर पुजारा और पार्थिव ने आसानी से दो रन ले लिए थे, लेकिन तभी पुजारा ने तीसरे की कोशिश की और अब्राहम डिविलियर्स ने थ्रो सीधे विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के हाथों में दी। पुजारा ने डाइव मार कर अपने आप को बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक डी कॉक गिल्लियां बिखेर चुके थे।
सटीक थ्रो ने किया था पारी का अंत
पहली पारी में पुजारा रन आउट हुए थे। पहली पारी के 10वें ओवर की चौथी गेंद पर पुजारा ने अपनी पारी की पहली ही गेंद खेली थी। उन्होंने लुंगी नगिडी की गेंद को मिडऑन की तरफ खेला और रन चुराने की कोशिश की। नगिडी ने सीधा थ्रो नॉन स्ट्राइक पर मारकर पुजारा को पवेलियन भेज दिया।
यो-यो टेस्ट पर प्रश्न चिन्ह
चेतेश्वर पुजारा का दो बार रन आउट होना यो-यो टेस्ट पर भी सवाल खड़ा कर गया। गौरतलब हो कि भारत की नेशनल टीम में इंट्री के लिए बीबीसीआई ने यो-यो टेस्ट को अपनाया है। इसमें पास होने वाले क्रिकेटर ही भारतीय टीम में शामिल हो पाते है। यह फिटनेस को जांचने का सबसे बेहतरीन टेस्ट माना जाता है। इस टेस्ट को पास करने के बाद क्रिकेट मैदान पर पुजारा जैसे प्रदर्शन की कोई भी क्रिकेट फैन नहीं करता है।
Published on:
17 Jan 2018, 6:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.