
लाहौर. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली पांच वनडे मैचों की सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम में इमाम उल हक को जगह दी है। इमाम टीम में एक मात्र नया चेहरा हैं। वनडे सीरीज दुबई में 13 अक्टूबर से शुरू होगी। पूर्व कप्तान अजहर अली को टीम में जगह नहीं मिली है। वर्तमान में पाकिस्तान की टीम पिछले कई मैचों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। परन्तु फिर भी यह टीम मिस्बाह और यूनिस खान के जाने के बाद पुननिर्माण के दौर में है। शुरुआती बल्लेबाजी मजबूत होने के बावजूद मध्यक्रम में शोएब मलिक को छोड़कर कोई भी अनुभवी बल्लेबाज टीम में नहीं है। हालांकि पाकिस्तान की मजबूती हमेशा से गेंदबाजी रही है। अगर युवा इमाम बड़ा स्कोर बनाते हैं तो यह पाकिस्तान टीम के लिए अच्छा होगा। पाक की टीम युवा है और यह समय अच्छी टीम के रूप में तैयार होने का जो भविष्य में पाक क्रिकेट को ऊंचाई पर ले जाएगी।
इंजमाम के भतीजे हैं इमाम-उल-हक
21 साल के इमाम पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और मौजूदा चयन समिति के अध्यक्ष इंजमाम-उल-हक के भतीजे हैं। इमाम ने पिछले सीजन में हबीब बैंक लिमिटेड की तरफ से खेलते हुए 49.88 की औसत से 848 रन बनाए थे जिसमें तीन शतक और एक दोहरा शतक भी शामिल है। टीम की घोषणा करते हुए इंजमाम ने कहा कि इमाम उल हक को घरेलू प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह मिली है। चैम्पियंस ट्रॉफी में खेलने वाली टीम को ही इस सीरीज के लिए चुना गया जिसमें सिर्फ एक बदलाव किया गया है। अजहर अली को फिटनेस हासिल करने के लिए आराम दिया गया है। टीम इस प्रकार है: सरफराज अहमद (कप्तान -विकेटकीपर), अहमद शहजाद, फखर जमान, मोहम्मद हफीज, बाबर आजम, शोएब मलिक, इमाद वासिम, शाहदाब खान, फहीम अशरफ, हसन अली, मोहम्मद आमिर, रुमान राइस, जुनैद खान, हरीस सोहेल और इमाम उल-हक।
Published on:
6 Oct 2017, 9:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.