
4 मैच, 1 शतक, 3 अर्धशतक: इस भारतीय बल्लेबाज के सामने लगातार पस्त हो रहे हैं अंग्रेज गेंदबाज
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग खत्म हो गया है और अब सभी की नजर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की तरफ जाएगी। आपको बता दे कि आईपीएल के अलावा भारतीय खिलाड़ी और भी जगह इस समय खेल रहे हैं। भारतीय टेस्ट टीम के दो सदस्य इस समय इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। इसमें से एक हैं भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा और दूसरे भारतीय गेंदबाज इशांत शर्मा। चेतेश्वर पुजारा ने काउंटी क्रिकेट में चार दिवसीय प्रारूप में बहुत ही साधारण बल्लेबाजी की थी, लेकिन उन्होंने ONE DAY प्रारूप में जबरदस्त खेल दिखाया है। पुजारा ने अपने प्रदर्शन से दिखा दिया है कि वह ONE DAY क्रिकेट भी खेल सकते हैं।
जबरदस्त फॉर्म में हैं
जबसे रॉयल लंदन कप शुरू हुआ है, पुजारा का बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने 27 मई को यॉर्कशायर के लिए खेलते हुए नाबाद 75 रन की पारी खेली, जिसकी मदद से उनकी टीम ने लीस्टरशायर के खिलाफ 9 विकेट से जीत दर्ज की। चेतेश्वर पुजारा ने रॉयल लंदन कप के अपने तीसरे मैच में यॉर्कशायर की टीम से खेलते हुए वोरसेस्टरशायर के खिलाफ मात्र 94 गेंदों में शानदार 101 रन बनाए थे। उन्होंने जबसे ONE DAY प्रारूप में कदम रखा है तबसे उनका बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने अभी तक खेले गए 4 मैचों में 3 में अर्धशतक और एक में शानदार शतक बनाया है। पुजारा ने 4 मैचों में कुल 110.3 की औसत से 331 रन बनाए हैं। पुजारा जबरदस्त फॉर्म में हैं और अंतराष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत से पहले यह भारतीय टीम के लिए बड़ी खुशखबरी है।
यॉर्कशायर की टीम से टेस्ट में रहे हैं फ्लॉप
चेतेश्वर पुजारा इस समय इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट में खेल रहे हैं जिसमे वह यॉर्कशायर टीम के सदस्य हैं। उनका टेस्ट में प्रदर्शन बहुत ही निराशाजनक रहा था। चार दिवसीय क्रिकेट में पुजारा खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं और उन्होंने 8 पारियों में मात्र 12.5 की औसत से 100 रन बनाए थे। इन 100 रनों में पुजारा के एक इनिंग के 41 रन भी शामिल हैं। पुजारा का लम्बे प्रारूप में यह प्रदर्शन चिंता का विषय था लेकिन उन्होंने छोटे प्रारूप में शानदार प्रदर्शन कर वापसी की हैं।
भारतीय टीम जुलाई में करेगी इंग्लैंड का दौरा
भारतीय क्रिकेट टीम 3 जुलाई से 11 सितम्बर तक इंग्लैंड का दौरा करेगी जिसमे वह पहले 3 T20 मैच उसके बाद 3 ONE-DAY मैच और सबसे महत्वपूर्ण 5 टेस्ट मैच खेलेगी। इंग्लैंड में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट छोड़ कर इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने जाएंगे। इसके साथ ही भारतीय A टीम भी इंग्लैंड का दौरा करेगी जिसमे टेस्ट टीम के कुछ खिलाड़ी होंगे। भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ पूरी तैयारी के साथ उतरना चाहती है और इसमें कोई भी कोताही नहीं बरत रही है।
Published on:
28 May 2018 02:11 pm
