
क्रिस गेल ने दिया संन्यास का संकेत, बताया इस टूर्नामेंट के बाद कहूंगा अलविदा
नई दिल्ली। अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए पूरी दुनिया में मशहूर वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल अब 38 वर्ष के हो चुके है। साल 1999 में अपना पहला एकदिवसीय क्रिेकेट मैच खेलने वाले गेल का क्रिकेट करियर 19 साल का हो चुका है। इन 19 सालों में गेल ने अपनी बल्लेबाजी के दम पर पूरी दुनिया में करोड़ो प्रशंसकों की फौज खड़ा की। वेस्टइंडीज से बाहर भी गेल को चाहने वाले लोगों की संख्या भारी मात्रा में है। गेल के ये दीवाने हमेशा उनको मैदान में खेलते देखना चाहते है। लेकिन समय पर किसी का जोर न तो कभी चला है और न आगे चलेगा। दुनिया भर के गेंदबाजों के आगे कभी न हारने वाले गेल अब समय के आगे हार गए है। गेल ने अब अपने संन्यास को लेकर बड़ा संकेत दे दिया है।
क्या कहा क्रिस गेल ने -
क्रिस गेल इन दिनों भारत की राजधानी दिल्ली में थे। जहां एक कार्यक्रम में शामिल गेल ने संवाददाताओं से बात करते हुए भारत और इंग्लैंड के बीच बर्मिंघम में जारी पहले टेस्ट के पहले दिन विराट कोहली की पारी की मुक्तकंठ से प्रंशसा की। साथ ही अपने क्रिकेट से संन्यास लेने का भी बड़ा संकेत दिया। गेल ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर के बारे में कहा कि वो अपने आप को अगले साल इंग्लैंड में होने वाले आईसीसी विश्व कप में खेलता हुए देखते हैं। गेल ने कहा कि जहां तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की बात है तो मैं अपने आप को इंग्लैंड में 2019 विश्व कप में खेलते देखना चाहता हूं। यह मेरा लक्ष्य है। इस संबंध में चयनकर्ताओं, कोच और कप्तान से बैठकर बात करूंगा।
वेस्टइंडीज टीम के बारे में कही ये बातें -
कार्यक्रम में गेल ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बारे में बात करते हुए कहा कि वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम का भविष्य काफी उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि वेस्टइंडीज के इविन लुइस, शिमरोन हेटमायेर दो काफी अहम खिलाड़ी हैं जिनके हाथ में वेस्टइंडीज का भविष्य है। उन्होंने कहा, "लुइस और अंडर-19 टीम के कप्तान रह चुके हेटमायेर टीम के दो उपयोगी नाम हैं जिनके हाथों में टीम का भविष्य है। दोनों काफी आक्रामक बल्लेबाज हैं। मैं यहां शई होप का नाम भी लेना चाहूंगा। वह युवा हैं लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ लगाए गए दो शतकों से उन्होंने बता दिया था कि उनमें प्रतिभा है।"
Published on:
03 Aug 2018 07:17 pm
