
कराची : श्रीलंका के साथ टी-20 और वनडे सीरीज खेलने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को लग रहा था कि अब जल्द ही पाकिस्तान में क्रिकेट मैच होने लगेंगे। फिलहाल पाकिस्तान अपने घरेलू मैच दुबई में खेलता है। लेकिन क्रिकेट श्रीलंका के अध्यक्ष शामी सिल्वा के एक बयान से पाकिस्तान में क्रिकेट की बहाली पर एक बार फिर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, सिल्वा ने कहा कि पाकिस्तान में सुरक्षा कारणों से होटलों में बंद रहने के कारण खिलाड़ी और टीम अधिकारी उकता गए थे। इसके मद्देनजर पांच दिन का टेस्ट मैच खेलना एक बड़ा मुद्दा है। इस मुद्दे पर एक बार फिर श्रीलंका के खिलाड़ियों से बात करनी पड़ेगी। सिल्वा के बयान पर पीसीबी ने गहरी निराशा, आश्चर्य और अप्रसन्नता जताई है।
सिल्वा ने कहा- होटल में बंद रहने के कारण वह उकता गए थे
शामी सिल्वा ने कोलंबो में एक साक्षात्कार में कहा कि खिलाड़ी लगातार तीन दिन तक होटल में ही रहने के कारण उकता गए थे। वह खुद भी कराची में दो दिन तक एक होटल में बंद रहने से उकता गए थे। उन्होंने कहा कि हमारी टीम के वहां जाने से पाकिस्तान बहुत खुश और अहसानमंद है, लेकिन हमें देखना होगा कि दिसंबर में पाकिस्तान में होने वाले टेस्ट मैच को खेलना कितना संभव है। यह पांच दिन की बात है और सारे खिलाड़ियों को इतने दिनों तक होटल में ही रहना पड़ेगा। ऐसे में एक बार फिर हमें अपने खिलाड़ियों से बात करनी होगी।
पीसीबी ने जताई निराशा
सिल्वा के बयान पर पीसीबी ने निराशा जताया है। उन्होंने कहा कि यह झूठ है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका के कहने पर ही पहली बार किसी टीम को राष्ट्रपति स्तर की सुरक्षा दी गई थी। इसके अलावा श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ियों को होटल से बाहर सैर कराने के लिए भी कहा गया था। लाहौर में तो उन्हें शॉपिंग की भी पेशकश की गई थी। उनसे पूछा गया था कि अगर वह गोल्फ खेलना चाहते हैं तो वह बताएं। इसके अलावा सिंध और पंजाब के मुख्यमंत्रियों ने श्रीलंकाई टीम को रात्रिभोज के लिए भी आमंत्रित किया था। लेकिन श्रीलंका टीम प्रबंधन ने ही इसके लिए मना कर दिया था और होटल में ही समय बिताना पसंद किया।
पीसीबी अब दुबई में नहीं खेलना चाहता मैच
सूत्रों ने जानकारी दी कि अब एक मामले को लेकर पीसीबी पूरी तरह स्पष्ट है कि उसे अपने होम टेस्ट सीरीज पाकिस्तान में ही खेलनी है, लेकिन अगर अगर श्रीलंका प्रबंधन इस सीरीज को पाकिस्तान से बाहर खेलना चाहता है तो उसे ही इसका खर्च उठाना पड़ेगा। पीसीबी का मानना है कि पाकिस्तान में अब सुरक्षा के हालात पहले से बेहतर हैं और यहां मैच खेला जा सकता है।
Updated on:
14 Oct 2019, 7:39 PM IST
Published on:
14 Oct 2019, 7:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.