
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बैथ मूनी से हाथ मिलती हुई जेमिमा रोड्रिगेज (photo - EspnCricInfo)
Women's World Cup 2025: महिला वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल मुक़ाबला ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेला गया। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए इस मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराते हुए इतिहास रच दिया। 339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 48.3 ओवरों में ही जीत हासिल कर ली। यह महिला वनडे इतिहास में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी सफलतापूर्वक रन चेज है। इस जीत से पूर्व पाकिस्तानी लेग स्पिनर दानिश कनेरिया बेहद उत्साहित हैं और उन्हें पूरा यकीन है कि भारतीय महिला टीम ही खिताब पर कब्जा जमाएगी।
कनेरिया ने कहा, "भारतीय महिला टीम इस टूर्नामेंट में जबरदस्त फॉर्म में है और खिताब की प्रबल दावेदार है। पुरुष टीम ने एशिया कप जीता, अब महिलाएं वनडे विश्व कप अपने नाम करेंगी। इसके बाद पुरुष टी20 विश्व कप भी भारत की झोली में आएगा।"
ऑस्ट्रेलिया की ताकत को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलिया की महिलाएं बेहद मजबूत हैं। वे लड़कों के साथ भी खेलती हैं, उनका फिटनेस लेवल शीर्ष स्तर का है। सेमीफाइनल में उन्होंने शानदार लड़ाई दिखाई, लेकिन भारत ने बाजी मार ली। इस जीत से टीम को फाइनल के लिए जबरदस्त आत्मविश्वास मिलेगा।"
जेमिमा रोड्रिगेज और हरमनप्रीत कौर की साझेदारी की तारीफ करते हुए कनेरिया ने कहा, "338 रनों का पीछा करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन भारत ने शानदार बल्लेबाजी की। जेमिमा ने क्रीज पर जमकर रन बनाए और मैच फिनिश किया। हरमनप्रीत के साथ उनकी पार्टनरशिप कमाल की थी। शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम ने शानदार वापसी की। निचले क्रम ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारतीय महिलाओं का फिटनेस, फील्डिंग और समग्र खेल शानदार है।"
गुरुवार को खेले गए मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 49.5 ओवर में 338 रन बनाए। फोएबे लिचफील्ड ने 119 और एश्ले गार्डनर ने 63 रनों की पारी खेली। जवाब में भारत ने 48.3 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जेमिमा रोड्रिगेज ने 134 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से नाबाद 127 रन ठोके, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 88 गेंदों में 89 रन बनाए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी हुई।
Published on:
31 Oct 2025 10:37 am
