
गौतम गंभीर ने छोड़ी दिल्ली रणजी टीम की कप्तानी, अब इस युवा खिलाड़ी को मिली टीम की कमान
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने सोमवार को दिल्ली की रणजी टीम की कप्तानी छोड़ दी है। गंभीर ने कप्तानी छोड़ने का फैसला लेते हुए कहा कि अब युवा खिलाड़ियों को मौका देने का समय है। गंभीर ने ट्विटर पर अपने निर्णय को साझा करते हुए लिखा, "समय आ गया है कि कप्तानी का भार युवाओं को दिया जाए, इसलिए मैंने डीडीसीए से निवेदन किया है कि मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने पर विचार न करें। मैं पर्दे के पीछे रहकर मैच जीतने के लिए नए कप्तान की मदद करुंगा।"
नीतीश राणा को बनाया गया कप्तान- सूत्र
गंभीर को कप्तानी पद छोड़ने के बाद दिल्ली टीम के 24 वर्षीय मध्यकम्र के बल्लेबाज नीतीश राणा को रणजी ट्रॉफी के 2018-19 सीजन के लिए नया कप्तान नियुक्त किया गया है। हालांकि राणा को कप्तान नियुक्त किए जाने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन विश्वस्त सूत्रों के अनुसार रणजी के इस सीजन में दिल्ली की कप्तानी अब राणा ही करेंगे।
12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश से दिल्ली का मैच-
दिल्ली की टीम अपने घरेलू मैदान फिरोज शाह कोटला पर 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश का सामना करेगी। गौरतलब हो कि इस वर्ष की शुरुआत में गंभीर ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी भी छोड़ दी थी। गंभीर लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। लेकिन घरेलू क्रिकेट में गंभीर ने कई बार उपयोगी पारियां खेलते हुए यह दिखाया कि अभी उनमें क्रिकेट बाकी है।
Updated on:
5 Nov 2018, 6:02 PM IST
Published on:
5 Nov 2018, 6:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.