बेयर्सटो शतक से चूके, इंग्लैंड की स्थिति मजबूत
बता दें इस मैच के तीसरे दिन वोक्स और बेयर्सटो के बीच छठे विकेट के लिए हुई 189 रनों की साझेदारी हुई। इस साझेदारी के दम पर इंग्लैंड ने तीसरे दिन खराब शुरुआत से बाहर निकलते हुए भारत के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली। खराब रोशनी के कारण अंपायरों ने तीसरे दिन का खेल समय से पहले समाप्त करने की घोषणा की। इंग्लैंड ने स्टम्प्स तक छह विकेट के नुकसान पर 357 रन बनाकर भारत पर 250 रनों की मजबूत बढ़त ले ली है। दूसरे दिन इंग्लैंड ने मेहमान टीम को 107 रनों पर ढेर कर दिया था। तीसरे सत्र में वोक्स ने अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। वोक्स ने पांड्या द्वारा फेंके गए 71वें ओवर की आखिरी गेंद पर तीन रन लेकर सैंकड़ा पूरा किया। हालांकि बेयर्सटो शतक से सात रनों से चूक गए। उन्हें हार्दिक पांड्या ने तीसरे सत्र में 320 के कुल स्कोर पर आउट किया। बेयर्सटो ने अपनी पारी में 144 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके लगाए। वोक्स ने अभी तक अपनी पारी में 159 गेंदें खेल 18 चौके लगा चुके हैं। उनके साथ सैम कुरैन 24 गेंदों में चार चौके लगाकर 22 रनों पर नाबाद हैं।