
Holder said racism should be treated like fixing and doping
लंदन : नस्लवाद विश्वव्यापी समस्या है और यह आज भी अपने भयावह रूप में मौजूद है। इसका ताजा उदाहरण हाल ही में अमरीका में देखने को मिला, जब श्वेत पुलिसकर्मी ने अपनी हिरासत में अश्वेत जार्ज फ्लॉयड (George floyd) के गर्दन को अपने घुटने से इतनी देर तक दबाए रखा था कि उनकी मौत हो गई। इसके बाद पूरे विश्व में स्वत: स्फूर्त आंदोलन पैदा हुआ, जिसके समर्थन में कई अश्वेत क्रिकेटर भी आए। अब वेस्टइंडीज टेस्ट टीम के कप्तान जेसन होल्डर (Jason Holder) ने नस्लवाद पर बात करते हुए इसे खेल में भी अपराध घोषित करने की मांग की है।
डोपिंग और फिक्सिंग की तरह का है अपराध
जेसन होल्डर ने कहा कि नस्लवाद को खेल में भी अपराध घोषित किया जाए और दोषी व्यक्ति को डोपिंग (Doping)और मैच फिक्सिंग (Match Fixing) में जिस तरह सजा मिलती है, उसी तरह नस्लवाद के लिए भी सजा मिलनी चाहिए। होल्डर ने कहा कि खेल में नस्लवाद का मुद्दा तेजी से उभर रहा है। इसे भी खेल के बाकी अपराधों की तरह ही लेना चाहिए। होल्डर ने एक ब्रिटिश मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि डोपिंग और भ्रष्टाचार पर जो पेनाल्टी है, नस्लवाद पर उससे तनिक भी कम होना चाहिए। होल्डर ने कहा कि अगर हमारे खेल में मुद्दे हैं तो सबको समान रूप से लेना चाहिए।
नस्लवाद पर खिलाड़ियों को बनाया जाना चाहिए जागरूक
जेसन होल्डर ने कहा कि सीरीज से पहले जिस तरह आईसीसी (ICC) डोपिंग और भ्रष्टाचार के बारे में खिलाड़ियों को जानकारी देता है और उन्हें जागरूक करता है, उसी तरह नस्लवाद को लेकर भी खिलाड़ियों को जानकारी देनी चाहिए और जागरूक करना चाहिए। होल्डर ने कहा कि सीरीज से पहले डोपिंग रोधी और भ्रष्टाचार रोधी बैठक के साथ-साथ नस्लवाद रोधी बैठक भी करना चाहिए। होल्डर ने कहा कि उनका संदेश साफ है कि इसे लेकर लोगों को ज्यादा से ज्यादा शिक्षित किया जाना चाहिए।
नस्लवाद के समर्थन में नहीं हो सकते खड़े
जेसन होल्डर ने कहा कि उन्होंने खुद को लेकर कोई नस्लीय टिप्पणी नहीं सुनी, लेकिन दूसरों को लेकर सुनी और देखी हैं। उन्होंने कहा कि यह ऐसी चीज है, जिसके साथ आप खड़े नहीं हो सकते।
Updated on:
28 Jun 2020, 6:33 PM IST
Published on:
28 Jun 2020, 6:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.