
नई दिल्ली। भारतीय टीम इन दिनों दक्षिण अफ़्रीकी दौरे पर है। जहां भारत दक्षिण अफ्रीका के साथ टी20 सीरीज में व्यस्त है। इस दौरे में भारतीय कप्तान विराट कोहली का बल्ला जम कर बोला। विराट के रन बनाने की भूख मानो थमने का नाम ही नहीं ले रहे है। अपनी शानदार बल्लेबाजी से विराट ने इस दौरे में अनेक कीर्तिमानों को छुआ। दक्षिण अफ्रीका में विराट ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए साबित कर दिया है के वह विदेशी पिच में न सिर्फ बल्लेबाजी कर सकते है बल्कि रिकॉर्ड भी बना सकते है। ऐसे में उनके कड़े प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट और वनडे के कप्तान स्टीव स्मिथ ने विराट की तारीफ की है।
कोहली से बहुत कुछ सीखा
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने एक इंटरव्यू में विराट की तारीफ करते हुए कहा की उन्हें विराट से बहुत कुछ सीखने को मिला है। जिस अंदाज़ में विराट स्पिन गेंदबाजी को खेलते है वोन देखने लायक है। कभी कभी मैं भी उन शॉट्स की नक़ल करने की कोशिश करता हूं। उन्होंने कहा,कोई भी बल्लेबाज वर्ल्ड का बेस्ट बल्लेबाज तभी बनता है, जब उसके अंदर कुछ खास हो।
कोहली बनेंगे नंबर 1
आईसीसी बल्लेबाजों की रैकिंग्स में कोहली वनडे में नंबर एक, टेस्ट में नंबर दो और टी-20 में नंबर तीन पर हैं। स्मिथ ने कहा अगर विराट इसी तरह बल्लेबाजी करेंगे तो बहुत जल्दी तीनो फॉर्मेट में नंबर 1 बल्लेबाज बन जाएंगे। कोहली के अलावा स्मिथ ने क्रिकेट के मिस्टर 360 कहे जाने वाले एबी डी विलियर्स की भी जम कर तारीफ की। स्मिथ ने कहा कि विलियर्स एक अलग ही क्लास के प्लेयर हैं, जिन्हें समझना गेंदबाजों के लिए बेहद मुश्किल काम है।
स्मिथ की डॉन ब्रैडमैन से तुलना
स्मिथ अब तक 61 टेस्ट मैचों में 63.76 के औसत से 6057 रन बना चुके हैं। जिसमें 23 शतक और 2 अर्ध शतक शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा औसत डॉन ब्रैडमैन 99.94 के बाद स्टीवे स्मिथ का 63.75 का औसत है। बता दें स्टीव स्मिथ ने अपना अंतरराष्ट्रीय करियर स्पिन ऑलराउंडर के रूप में शुरू किया था, लेकिन समय ने उन्हें बेखौफ बल्लेबाज बना दिया। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए स्मिथ को राहुल द्रविड़ जैसा मेंटर मिला जिन्होंने उनकी बल्लेबाजी की तकनीक सुधरने में मदद की। आज स्मिथ आधुनिक क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाज माने जाते हैं। पिछले कुछ सालों में स्मिथ की तुलना सर डॉन ब्रैडमैन से होने लगी है। माना जा रहा है कि स्मिथ ने अपनी तकनीक को शानदार बनाया है और किसी भी पिच में शानदार प्रदर्शन करने की ताकत रखते हैं।
Updated on:
23 Feb 2018, 3:55 PM IST
Published on:
23 Feb 2018, 3:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.