8 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

टेस्ट क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी जीत, ताश के पत्तों की तरह सिर्फ 38 रन पर ढह गए अफगानिस्तान के 9 विकेट

Afghanistan lose 9 wickets for just 38 runs: अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्‍ट मानव सुथार के लिए यादगार रहा। उन्‍होंने डेब्यू पर पहले ही ओवर में विकेट चटकाकर जहां एलीट ग्रुप में एंट्री की। वहीं, पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी पारी में एक विकेट चटकाकर अफगानी टीम को ढहाने में अहम भूमिका निभाई।

2 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

Jun 08, 2026

Afghanistan lose 9 wickets for just 38 runs

अफगानिस्‍तान को एकमात्र टेस्‍ट में हराने के बाद ट्रॉफी के साथ भारतीय टीम। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

Afghanistan lose 9 wickets for just 38 runs: न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में खेले गए एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार को चाय के तुरंत बाद भारत की दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी की, जिससे भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हरा दिया। यह पारी और रन के हिसाब से भारत की टेस्‍ट क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इस मैच में जहां कप्‍तान शुभमन गिल और उपकप्‍तान केएल राहुल के बल्‍ले से शतक आए। वहीं, मानव सुथार ने 7 विकेट तो वाशिंगटन सुंदर ने 5 विकेट और प्रसिद्ध कृष्‍णा और कुलदीप यादव ने तीन-तीन विकेट चटकाते हुए अफगानी टीम को ढेर करने में अहम रोल निभाया।

दूसरी पारी में भी कम नहीं हुईं मुश्किलें

भारत ने अपनी पहली पारी 564/8 पर घोषित की थी। इसके जवाब में अफगानिस्‍तान की पहली पारी 152 रनों पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर 412 रनों से पिछड़ी अफगानिस्‍तान की टीम को फॉलोऑन खेलने के लिए कहा गया। अफगानिस्तान की मुश्किलें दूसरी पारी में भी कम नहीं हुईं।

टेस्ट में अपने कम अनुभव के साथ मेहमान टीम कभी भी ऐसी नहीं लगी कि वह भारत जैसी बड़ी टीम को चुनौती दे रही है। दूसरी पारी में बस उन्‍हें परेशान करने वाले बदल गए थे। सुथार और कृष्णा के बजाय, सुंदर और यादव की जोड़ी ने उन्हें परेशान किया और न्यू चंडीगढ़ में पूरी टीम ताश के पत्‍तों की तरह ढह गई टीम!

सिर्फ 38 रन के भीतर गंवा दिए 9 विकेट

अफगान टीम अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 35.5 ओवर ही टिक पाई और 112 रन पर आउट हो गई। सलामी बल्‍लेबाज सेदिकुल्लाह अटल (42) और नंबर 3 रहमानुल्लाह गुरबाज (24) ही ऐसे बल्‍लेबाज रहे, जो कुछ देर टिक पाए। मेहमान टीम एक समय 74/1 पर थी और उन्होंने अपने आखिरी 9 विकेट सिर्फ 38 रन के भीतर गंवा दिए और उन्हें बड़ी हार का सामना करना पड़ा। ध्यान रहे कि चोट के कारण अशरफ ने दूसरी पारी में बल्‍लेबाजी नहीं की।

अफगानिस्तान की दूसरी पारी में विकेट गिरने का क्रम

विकेटबल्लेबाजस्कोरओवर
1अब्दुल मलिक42/113.1
2रहमानुल्लाह गुरबाज74/219.1
3रहमत शाह87/322.6
4हशमतुल्लाह शाहिदी93/426.3
5सेदिकुल्लाह अटल98/528.6
6अफसर जजई106/631.5
7अजमतुल्लाह ओमरजई106/732.1
8एन खरोटे112/835.4
9मोहम्मद सलीम सफी112/935.5
10शरीफुद्दीन अशरफ एबसेंट हर्ट

मानव सुथार बने प्‍लेयर ऑफ द मैच

भारत के लिए टेस्‍ट डेब्‍यू करने वाले राजस्‍थान के श्री गंगानगर के रहने वाले मानव सुथार ने कुल 7 विकेट लिए और बैट से भी 28 रन बनाए। इस उम्‍दा प्रदर्शन के लिए उन्‍हें प्‍लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। मैच के बाद अफगानिस्‍तान के कप्‍तान शाहिदी ने भी माना कि उन्‍हें खेलना बहुत मुश्किल था, क्‍योंकि वह स्‍टंप टू स्‍टंप गेंदबाजी कर रहे थे। अब इन दोनों टीमें के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी, जिसका पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में होगा।

बड़ी खबरें

View All

क्रिकेट

खेल

ट्रेंडिंग