
आईसीसी ने इंदौर की पिच को दिया खराब का दर्जा, तीन डिमेरिट अंक दिए।
IND vs AUS 3rd Test : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला ऑस्ट्रेलिया ने जीतकर सीरीज में 1-2 से वापसी कर ली है। वहीं, आईसीसी ने इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप श्रृंखला के तीसरे टेस्ट के लिए पिच को खराब का दर्जा दिया है। आईसीसी मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने मैच अधिकारियों की चिंताओं को व्यक्त करते हुए और दोनों टीमों के कप्तानों के साथ परामर्श के बाद आईसीसी को अपनी रिपोर्ट सौंपी है। मूल्यांकन के बाद आयोजन स्थल को तीन डिमेरिट अंक दिए गए हैं। मैच की रिपोर्ट बीसीसीआई को भेज दी गई है, अगर वे मंजूरी के खिलाफ अपील करना चाहते हैं तो उनके पास अब 14 दिनों का समय है।
आईसीसी ने कहा है कि पिच बहुत सूखी थी और शुरू से ही स्पिनरों के पक्ष में नजर आई। पिच बल्ले और गेंद के बीच संतुलन भी प्रदान नहीं कर रही थी। मैच की 5वीं गेंद से ही पिच की सतह टूट गई। कोई सीम मूवमेंट नहीं हुआ और पूरे मैच में अत्यधिक और असमान उछाल देखने को मिला। जिसके चलते पिच को तीन डिमेरिट अंक दिए गए हैं।
5 अंक मिलने पर 12 महीने तक निलंबित
बता दें कि विशेष रूप से एक डिमेरिट अंक उन स्थानों को दिया जाता है, जिनकी पिचों को मैच रेफरी औसत से नीचे का दर्जा देते हैं। जबकि तीन और पांच डिमेरिट अंक उन स्थानों को दिए जाते हैं, जिनकी पिच क्रमश: खराब और अनुपयुक्त के रूप में चिह्नित की जाती हैं। पांच डिमेरिट अंक मिलने पर उस स्थान को 12 महीने की अवधि के लिए किसी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी करने से निलंबित कर दिया जाता है।
यह भी पढ़े -पिच देखकर घबरा गई थी टीम इंडिया', हार के बाद ये क्या बोल गए सुनील गावस्कर
31 में से 26 विकेट लिए स्पिनरों ने
ज्ञात हो कि दोनों टीमों के स्पिनरों को इंदौर की सतह से काफी मदद मिली और पहले ही दिन 14 विकेट गिरे थे। पूरे मैच के दौरान गिरे 31 विकेटों में से 26 स्पिनरों ने लिए, जबकि केवल चार विकेट तेज गेंदबाजों के खाते में गए और एक रन आउट हुआ।
यह भी पढ़े - टीम इंडिया पर भड़के रवि शास्त्री, बोले- ओवर कॉन्फिडेंस के चलते इंदौर टेस्ट में मिली हार
Published on:
4 Mar 2023, 9:15 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.