
शानदार फॉर्म और जीत के बावजूद इंग्लैंड दौरे से पहले कप्तान कोहली की बढ़ी चिंता, जानें क्या है मामला
नई दिल्ली। भारतीय टीम ने आयरलैंड दौरे जीत के साथ पूरा कर लिया है और अब उसे इंग्लैंड के लिए रवाना होना जहां उसे पहला T20 मैच 3 जुलाई को खेलना है। भारतीय टीम के बल्लेबाज और दोनों स्पिन गेंदबाज शानदार फॉर्म मे हैं। भारतीय टीम ने पहला T20 जितने के बाद दूसरे मैच मे बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को आजमाया। इन खिलाड़ियों मे लोकेश राहुल, दिनेश कार्तिक, उमेश यादव और सिद्धार्थ कौल थे, इन चारों ने अपने चयन को सही साबित करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय टीम पूरी तरह तैयार लग रही है। हलाकि विराट कोहली का कहना है कि इंग्लैंड दौरे से पहले उनका सर दर्द बढ़ गया हैं।
मैच जीतने के बाद विराट ने क्या कहा
विराट ने मैच जीतने के बाद कहा कि "हमको वह मोमेंटम मिल गया है जो हम चाहते थे। दोनों ही मैचों मे टीम ने सभी डिपार्टमेंट्स मे अच्छा काम किया। लेकिन अब मेरा सर दर्द बढ़ गया है कि मैं किसे खिलाऊं, सभी खिलाड़ियों ने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन यह समस्या अच्छी है। भारत के लिए क्रिकेट मे यह बहुत ही अच्छा फेज है, मैं खुश हूं कि सभी युवा अपने मौकों को भुना रहे हैं। हमारी बेंच स्ट्रेंथ ने अच्छा प्रदर्शन किया है । विपक्षी कौन है इससे हमें फर्क नहीं पड़ता, इंग्लैंड भी हमारे लिए ऐसा ही रहेगा। हम अपनी ताकत पर निर्भर करते हैं।" विराट खासकर ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर परेशान होंगे, शिखर धवन, रोहित शर्मा और लोकेश राहुल तीनों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे मे विराट के लिए सर दर्द बढ़ना लाजमी है।
राहुल ने खेली शानदार पारी
इस मैच में लोकेश राहुल को अंतिम एकादश में शामिल किया गया। साथ ही उन्हें ओपनिंग करने की जिम्मेदारी भी मिली। जिसे राहुल ने बखूबी अंजाम देते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। राहुल ने 36 गेंदों का सामना करते हुए 70 रन बनाए। इस पारी में राहुल ने 6 छक्कें और तीन चौके भी लगाए। इसके साथ ही सुरेश रैना ने भी शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। रैना ने 45 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली। इस पारी में रैना ने 5 चौके और तीन छक्के लगाए।
भारत ने आसानी से जीता मैच
भारत ने अपने हरफनमौला खेल के दम पर शुक्रवार को द विलेज मैदान पर खेले गए दूसरे एवं आखिरी मैच में मेजबान आयरलैंड को 143 रनों से करारी शिकस्त देकर दो मैचों की सीरीज पर 2-0 से अपने नाम कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड के सामने 214 रनों की विशाल चुनौती रखी। मेजबान टीम इस विशाल स्कोर के सामने लड़खड़ा गई और 12.3 ओवरों में 70 रनों पर ही पवेलियन लौट गई।
Published on:
30 Jun 2018, 11:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.