
IND vs NZ 3rd Test Highlights: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच शुक्रवार से खेला जा रहा है। एक तरफ कीवी टीम की नजर भारत को क्लीन स्वीप करने पर है तो वहीं रोहित ब्रिगेड हर हाल में यह मुकाबला जीतकर एक अनचाहे रिकॉर्ड से बचना चाहेगी। हालांकि, जो हाल पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया का नजर आया, उसने भारत के लिए मैच में आगे की राह काफी चुनौतीपूर्ण बना दी है। रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर फेल हुए हैं। अगर इस मैच को जीतकर भारत को लाज बचानी है तो आज शुभमन गिल, ऋषभ पंत और सरफराज खान को बड़ी पारियां खेलनी होंगी।
टीम इंडिया ने मुकाबले की शुरुआत काफी अच्छी की थी। न्यूजीलैंड को समेटने के बाद भारतीय टीम मजबूत स्थिति में थी। भारतीय गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और कीवी टीम को 235 के एक छोटे स्कोर पर समेट दिया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजी एक बार फिर फ्लॉप साबित हुई। रोहित शर्मा का विकेट जल्द गिरने के बावजूद भारत ने मैच में अच्छी पकड़ बनाई। एक समय टीम इंडिया का स्कोर एक विकेट पर 78 रन था और वह अच्छी स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन खेल के आखिरी 15 मिनट में ऐसा कुछ हुआ, जिसके चलते भारतीय टीम बैकफुट पर चली गई।
भारत ने आठ गेंदों के अंतराल में मात्र छह रन जोड़कर तीन विकेट गंवा दिए और उसकी स्थिति मैच में खराब हो गई। स्टंप्स के समय शुभमन गिल 31 और ऋषभ पंत एक रन बनाकर क्रीज पर थे और भारत अब भी पहली पारी में 149 रन पीछे है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा निराश कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने किया है। दोनों ही बल्लेबाजों का प्रदर्शन इस सीरीज में बेहद खराब रहा है। खराब फॉर्म से पहले ही जूझ रहे विराट कोहली मुंबई टेस्ट में एक रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गए।
इस तरह उनके विकेट गंवाने से फैंस काफी नाराज दिखे। रोहित शर्मा का बल्ला भी काफी समय से खामोश है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वह अब तक कोई बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। पिछली 9 टेस्ट पारियों में उन्होंने सिर्फ एक 50 प्लस स्कोर बनाया है। भारत को मुंबई टेस्ट में वापसी करनी होगी तो शनिवार को शुभमन गिल और ऋषभ पंत के साथ सरफराज को बल्ले से बड़ी पारी खेलनी होगी, जबकि दूसरी पारी में विराट और रोहित को भी बल्ले से दमखम दिखाना होगा।
Updated on:
2 Nov 2024, 9:50 AM IST
Published on:
2 Nov 2024, 8:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.