
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका (India vs Sri Lanka) के बीच 3 टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला मंगलवार को शाम 8:00 कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना था। लेकिन टीम इंडिया के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद मैच स्थगित कर दिया गया था। आज भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टी20 मुकाबला खेला जाएगा। ऐसे में प्लेइंग इलेवन कैसी होगी यह सबसे बड़ा सवाल है? क्योंकि क्रुणाल पांड्या के संपर्क में टीम इंडिया के 8 खिलाड़ी थे और उन्हें एहतियात के तौर पर आईसोलेट कर रखा है। हालांकि उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं क्रुणाल पांड्या को दूसरे होटल में शिफ्ट कर दिया गया है।
क्रुणाल पांड्या के संपर्क में थे ये खिलाड़ी
क्रुणाल पांड्या के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से पहले उनके संपर्क में पृथ्वी शॉ, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन, सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल और ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम आए थे। इसके अलावा दो और सदस्य भी हैं। हालांकि इन सबकी रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन एहतियात के तौर पर ये खिलाड़ी दूसरे टी20 मुकाबले से बाहर रह सकते हैं। ऐसे में भारतीय टीम के सामने प्लेइंग इलेवन को लेकर बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
इन खिलाड़ियों को मिल सकता हैं प्लेइंग इलेवन में मौका
क्रुणाल पांड्या के संपर्क में आए खिलाड़ियों के दूसरे टी20 मैच में ना खेलने की स्थिति में कोच राहुल द्रविड़ टीम इंडिया के कप्तान शिखर धवन के साथ सलामी बल्लेबाज के रूप में ऋतुराज गायकवाड़ को मौका दे सकते हैं। गायकवाड़ अभी इस टूर पर एक भी मैच नहीं खेले हैं। वहीं मिडिल ऑर्डर में संजू सैमसन, नीतीश राणा और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है।
गेंदबाजी में राहुल चाहर, युजवेंद्र चहल, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार और चेतन सकारिया को मौका दिया जा सकता है। अगर पिच स्पिन के अनुकूल हुई तो फिर एक और स्पिनर कुलदीप यादव को शामिल किया जा सकता है। अगर तेज गेंदबाजों को मदद मिली तो फिर नवदीप सैनी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हो सकते हैं। हालांकि कई खिलाड़ियों के अचानक बाहर होने की वजह से भारत को एक बल्लेबाज की कमी खलेगी।
ऐसी हो सकती हैं भारत की प्लेइंग इलेवन
शिखर धवन (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, नीतीश राणा, मनीष पांडे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, राहुल चाहर, नवदीप सैनी/कुलदीप यादव, चेतन सकारिया और युजवेंद्र चहल।
Published on:
28 Jul 2021 04:17 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
