4 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

IND vs WI 3rd ODI: वेस्टइंडीज के खिलाफ कैसे हाथ से फिसला मैच? कप्तान शुभमन गिल ने बताया हार की असली वजह

India vs West Indies Update: भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में खेला गया, जहां टीम इंडिया को 5 विकेट से हार झेलनी पड़ी।
2 min read
Google source verification
india vs west indies 3rd odi

भारत बनाम वेस्टइंडीज (फोटो- IANS)

IND vs WI 3rd ODI Update: भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले को शाई होप ने टीम इंडिया की मुट्ठी से छीन लिया। 162 रनों की नाबाद पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने यह मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 351 रन बनाए थे, तो वेस्टइंडीज ने 48.2 ओवर में ही 5 विकेट गंवाकर 352 रन बना दिए। शाई होप ने 143 गेंद में 162 रन की पारी खेली, जिसने मैच का पूरा पासा ही पलट दिया।

4 ओवर की वजह से मिली हार!

हालांकि, शुभमन गिल ने बताया कि हार की असली वजह कुछ और है। मैच के बाद कप्तान गिल को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, क्योंकि उन्होंने सीरीज में 334 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने बताया कि वर्ल्डकप को देखते हुए बहुत सारी चीजों को ठीक कर दिया गया है, लेकिन बहुत सारी कमियों को अभी दूर करना बाकी है। इसके अलावा, उन्होंने यह भी बताया कि मैच में टीम इंडिया का नियंत्रण था, लेकिन 4 ओवरों के चलते टीम इंडिया से यह मैच छिन गया।

जब वेस्टइंडीज लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो 41 के स्कोर पर ही उन्हें पहला झटका लग गया, लेकिन उसके बाद से बड़ी-बड़ी साझेदारियों ने मैच का रुख पलट दिया। शाई होप ने आमिर जांगू के साथ बेहतरीन साझेदारी की तो कीमो पॉल और शेपरेन रदरफोर्ड के साथ मैच जिताऊ पार्टनरशिप की और फिर बचा हुआ काम उन्होंने गुडाकेश मोती के साथ मिलकर कर दिया। हालांकि शुभमन गिल ने बताया कि टीम इंडिया का काम खराब ओस ने किया। अगर उनके गेंदबाज 4 ओवर आगे रहते तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था।

शुभमन-विराट सस्ते में लौटे पवेलियन

इससे पहले भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी, जहां शुभमन गिल और विराट कोहली सस्ते में पवेलियन लौट गए। कप्तान शुभमन गिल सिर्फ एक रन बना सके तो विराट कोहली का खाता भी नहीं खुला। लेकिन रोहित शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच 137 रनों की साझेदारी ने भारतीय टीम को शुरुआती झटकों से उबरने का काम किया। रोहित शर्मा शतक से चूक गए और 92 रन बनाकर आउट हो गए तो ऋतुराज गायकवाड़ ने 57 रनों की पारी खेली।

इसके बाद से केएल राहुल ने धमाकेदार बल्लेबाजी की और सिर्फ 87 गेंद में नाबाद 129 रनों की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और छह छक्के शामिल थे। राहुल के अलावा नमन धीर ने 21 गेंद में ताबड़तोड़ 30 रन बनाए, जिससे भारतीय टीम 350 के पार पहुंचने में सफल रही। तीन मैचों की वनडे सीरीज को भारतीय टीम ने 2-1 से अपने नाम कर लिया। अब टीम इंडिया को अगली वनडे सीरीज न्यूजीलैंड दौरे पर खेलनी है, जहां दोनों टीमों के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी।