
ईशान किशन (फोटो- IANS)
IND vs WI 5th T20 Update: बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बारिश की वजह से भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला रद्द हो गया। इस नतीजे के बाद सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हो गई। इस मुकाबले में बारिश की वजह से 2 घंटे 15 मिनट बाद मैच शुरू हुआ और 11-11 ओवर काट दिए गए। 9-9 ओवर के मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7.4 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 118 बना लिए थे, तब दोबारा बारिश शुरू हो गई।
पहले लगा कि कुछ देर बाद बारिश रुक जाएगी, तब अंपायर्स ने टीम इंडिया की पारी को खत्म कर वेस्टइंडीज को 5 ओवर में 84 रन का लक्ष्य दिया। हालांकि बारिश लगातार तेज होती गई, जिसके बाद मैच रद्द कर दिया गया। हालांकि मैच रद्द होने से पहले टीम इंडिया के ऑलराउंडर नमन धीर ने 400 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज कर एक नए फिनिशर की झलक दिखाई। उन्होंने अपनी पारी में 3 छक्के और 1 चौका लगाया। नमन से पहले ईशान किशन ने 300 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 10 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए।
इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिस सोच के साथ उन्होंने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, वो काम नहीं आया। तेज गेंदबाज ज्यादा हावी नहीं हो पाए। हालांकि अभिषेक शर्मा सस्ते में जरूर आउट हुए लेकिन ईशान किशन और संजू सैमसन ने छक्के-चौकों की बारिश कर दी। संजू ने 7 गेंदों में 16 और ईशान ने 10 गंदों में 30 रन बनाए। दोनों के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 14 गेंदों में 22 रन की पारी खेली। हालांकि इस दौरान उन्हें दो बार जीवनदान भी मिला।
तिलक वर्मा पहली गेंद से संघर्ष करते नजर आए और 6 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नमन धीर ने छोटी सी पारी से फैंस का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने 6 गेंदों में 24 रन की नाबाद पारी खेली। 7.4 ओवर के बाद बारिश की वजह से मैच रोक दिया गया, तब भारतीय टीम 5 विकेट गंवाकर 118 रन बना चुकी थी। हालांकि DLS मैथड के हिसाब से टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने 84 रन का लक्ष्य रखा था लेकिन बारिश के होने की वजह से मैच रद्द कर दिया गया।
Updated on:
17 Oct 2026 10:41 pm
Published on:
17 Oct 2026 10:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
