
LIVE Eng vs Ind: मात्र 2 रन और जोड़कर इंग्लैंड हुआ ऑल आउट, भारत की बल्लेबाजी जारी
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट इस समय बर्मिघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। मैच में टॉस जीतने के बाद इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 287 रन बनाए। कप्तान कोहली की दमदार शतकीय पारी के दम पर भारतीय टीम ने इंग्लैंड को एक बार फिर बैकफुट पर धकेल दिया है। एक समय 100 पर भारत की आधी टीम पवेलियन वापस हो गई थी। वहां से कोहली ने अकेले दम पर भारत को इंग्लैंड के स्कोर के बराबर ला खड़ा किया है। कोहली की शतकीय पारी के दम पर भारत ने पहली पारी में 274 रन बनाए। कोहली 149 रन बना कर आउट हुए।
इंग्लैंड की धरती पर कोहली का पहला शतक-
इंग्लैंड के पिछले दौरे पर नाकाम रहने वाले कप्तान कोहली ने इस सीरीज की पहली ही पारी में बेहतरीन शतक लगाया। कोहली की पारी की खास बात यह रही कि दूसरे छोर से कोई खास मदद न मिलने के बाद भी कप्तान ने भारत के स्कोर बोर्ड को बनाए रखा। टीम इंडिया को मुश्किल परिस्थितियों से उबारते हुए कोहली ने शानदार शतक लगाया है। कोहली ने 225 गेंदों पर 22 चौकों और एक सिक्स के दम पर 149 रन बनाए।
भारतीय निचले क्रम की बल्लेबाजी -
मैच में इस समय तीसरे सत्र का खेल जारी है। इस सत्र में भारत को पहला झटका आर. अश्विन के रूप में लगा। आर. अश्विन को जेम्स एंडरसन ने 10 रनों के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। एंडरसन ने इसके बाद मोहम्मद शमी को 2 के निजी स्कोर पर डेविड मलान के हाथों कैच करा कर भारत को आठवां झटका दिया। इसके बाद आदिल रशीद ने ईशांत को आउट कर भारत को नौवां झटका दिया।
दूसरे सत्र का हाल-
दूसरे सत्र में भारत को कप्तान कोहली और उपकप्तान अजिंक्य रहाणे से अच्छी बल्लेबाजी की उम्मीद थी। लेकिन रहाणे प्रशंसकों की उम्मीदों पर खड़े नहीं उतर सके। आईपीएल में रहाणे की कप्तानी में खेलने वाले बेन स्टोक्स ने रहाणे को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया। इसके बाद अपने अगले ओवर में स्टोक्स ने दिनेश कार्तिक को (0) पर क्लीन बोल्ड कर भारत को पांचवां झटका दिया। इसके बाद कप्तान कोहली और हार्दिक पांड्या के बीच 48 रनों की अच्छी साझेदारी हुई। लेकिन सैम कुरैन ने अपनी वापसी करते ही हार्दिक (22) को आउट कर भारत को छठां झटका दिया।
पहले सत्र का हाल-
दूसरे दिन का पहला सत्र तेज गेंदबाजों के नाम रहा। इस सत्र में तेज गेंदबाजों ने चार विकेट चटकाए। भारत की ओर से शमी ने एक जबकि इंग्लैंड की ओर से सैम कुरैन ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया। पहले सत्र का खेल समाप्त होने के समय भारतीय टीम तीन विकेट के नुकसान पर 76 रन बनाने में सफल रही।
गुच्छे में गिरे भारत के विकेट-
भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और मुरली विजय ने इस मैच में टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की। भारत को पहला झटका सैम कुरैन ने मुरली विजय को 20 के निजी स्कोर पर आउट करते हुए दिया। इसी ओवर में कुरैन ने लोकेश राहुल को आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। राहुल चार रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अपने अगले ओवर में सैम कुरैन ने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को 26 के स्कोर पर आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया।
जल्द सिमट गई इंग्लैंड की पारी-
पहले दिन 285 रन पर नौ विकेट गंवाने वाली इंग्लैंड की पहली पारी दूसरे दिन जल्द ही सिमट गई। दूसरे दिन इसके आगे खेलने उतरी इंग्लैंड को दूसरे ही ओवर में शमी ने झटका दिया और पूरी टीम 287 पर ढेर हो गई। शमी ने सैम कुरैन को 24 के निजी स्कोर पर कार्तिक के हाथों आउट करा पवेलियन भेजा।
अश्विन ने चटकाए चार विकेट
इससे पहले ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने पहले दिन बुधवार को दिन के आखिरी सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। दिन के पहले सत्र में एक और दूसरे सत्र में दो विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी सत्र में इंग्लैंड के छह बल्लेबाजों को आउट किया जिसमें सबसे अहम विकेट इंग्लैंड के कप्तान जोए रूट (80) का साबित हुआ। उन्हें भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सीधे विकेटों पर थ्रो मार रन आउट किया।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
2 Aug 2018, 10:40 PM IST
Published on:
2 Aug 2018, 4:09 PM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल




