15 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इयान बेल का तूफानी शतक, क्या टेस्ट में मिलेगा मौका!

NATWEST T20 BLAST, नॉर्थम्प्टनशायर ने 231 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसका पीछा करते हुए वॉरविकशायर ने भी इतने ही रन बनाए, मैच टाई पर खत्म हुआ।

2 min read
Google source verification

image

Akashdeep Singh

Jul 22, 2018

ian bell

इयान बेल का तूफानी शतक, क्या टेस्ट में मिलेगा मौका!

नई दिल्ली। 4 साल पहले अपना आखिरी T20 अंतरार्ष्ट्रीय मैच और 2 साल पहले अपना आखिरी टेस्ट मैच खेलने वाले इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज इयान बेल ने T20 ब्लास्ट में 62 गेंदों में 131 रनों की तूफानी पारी खेलकर वापसी के दरवाजे पर दस्तक दे दी है। T20 ब्लास्ट में उन्होंने वार्विकशायर की ओर से खेलते हुए 131 रनों की पारी खेली फिर भी वह टीम को जीता नहीं सके। पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थम्प्टनशायर ने 231 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसका पीछा करते हुए वॉरविकशायर ने भी इतने ही रन बनाए। यह मैच टाई पर खत्म हुआ, टाई पर खत्म होने वाला यह सबसे बड़ा T20 स्कोर है। बेल के शतक से भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम में उनको जगह देने की मांग उठ गई है।


इयान बेल की तूफानी पारी
इयान बेल ने 231 रनों के विशाल स्कोर का पीछा करते हुए मात्र 62 गेंदों में 131 रनों की पारी खेल डाली। उन्होंने इस पारी में 7 छक्के और 11 चौके लगाए। उनकी यह पारी उनकी टीम को जीत नहीं दिला सकी। इयान इंग्लैंड के लिए लम्बे वक्त तक क्रिकेट खेल चुके हैं उन्होंने 118 टेस्ट मैचों में 7727 रन बनाए हैं जिसमे उनके 22 शतक शामिल हैं। उन्होंने इंग्लैंड के लिए ODI में 161 और T20 में 8 मैच खेले हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट नवंबर 2015 में, आखिरी ODI मार्च 2015 में और अपना आखिरी T20 मैच मई 2014 में खेला था।


मैच हुआ टाई
नॉर्थम्टनशायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिचर्ड लेवी के 52 गेंदों में नाबाद 95 रनों की बदौलत 231 रनों का विशालकाय स्कोर खड़ा किया। रिचर्ड के अलावा जोशुआ कॉब ने 61 रनों की पारी खेली और हरफनमौला खिलाड़ी रोरी क्लीनवेल्ड के तूफानी 28 रनों की बदौलत टीम बड़े स्कोर तक पहुंची। रनों का पीछा करने उतरी वॉरविकशायर ने इयान बेल के शतक और एडम होसे के 34 रनों की बदौलत यह मैच टाई कराया। आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रनों की दरकार थी लेकिन इयान बेल ने पहली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया। इसके बाद कॉलिन डे ग्रैंडहोम ने एक सिक्स लगाया लेकिन वह अगली ही गेंद पर आउट हो गए। नए खिलाड़ी ने आखिरी गेंद पर एक रन बनाकर यह मैच टाई करा दिया।


हो रही है बेल के वापसी की मांग
इयान बेल ने 2015 में ODI क्रिकेट से सन्यास ले लिया था लेकिन टेस्ट में वह अभी भी वापसी की उम्मीद में हैं। नेटवेस्ट T20 ब्लास्ट में शतक से 36 साल के बेल ने दिखा दिया है कि अभी भी उनके अंदर क्रिकेट बाकी है। ट्विटर पर कई लोगों ने इंग्लैंड सेलेक्टर्स से दरख्वास्त की है कि उनको भारत के खिलाफ टेस्ट टीम में जगह मिलनी चाहिए। पिछले कुछ समय से इयान बेल अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं जिससे उनकी भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वापसी की उम्मीदों को नाकारा नहीं जा सकता है। इंग्लैंड सेलेक्टर्स ने अभी तक भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान नहीं किया है।