31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ind vs Nz: पुणे की पिच पर होगी पराक्रम की पहचान, जीत से ही बचेगी टीम इंडिया की आन

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी सीरीज का दूसरा मैच आज खेला जाएगा।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Prabhanshu Ranjan

•

Updated: 25 Oct 2017, 9:03 AM IST

india vs nz

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी सीरीज का दूसरा मैच आज पुणे में खेला जाएगा। पिछली सीरीजों में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम के लिए आज का मुकाबला करो या मरो वाला है। दरअसल पहले मैच में मिली हार के बाद टीम को यदि सीरीज में बने रहना है, तो उसे हर हाल में इस मैच को जीतना होगा। साथ ही यह मैच भारतीय टीम की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा है। टीम जिस तरह से पिछले सीरीजों में खेली है, उसके अनुसार उसकी अपने से नीचे की रैंकिंग वाले टीम के सामने अपने घर में हारना असंभावित था। बुधवार को महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम होने वाले मुकाबले को जीत कर भारतीय टीम खुद को साबित करेगी। अगर किवी टीम यह मैच जीत लेती है तो तीन वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले लेगी और भारत को वर्षो बाद घर में सीरीज हार का सामना करना पड़ेगा।

पहले मैच में भारतीय टीम को मिली थी हार
लेकिन, गिरकर मजबूत वापसी के लिए मशहूर आक्रामक कप्तान विराट कोहली की भारतीय टीम हर हाल में दूसरा मैच जीतकर सीरीज में प्रतिद्वंद्विता को जिंदा रखना चाहेगी। भारतीय टीम यह मैच जीत लेती है तो कानपुर में खेला जाने वाले तीसरा मैच निर्णायक हो जाएगा। टॉम लाथम के शतक और रॉस टेलर के अर्धशतक के अलावा गेंदबाजों के दम पर किवी टीम ने मेजबानों को वानखेड़े स्टेडियम में छह विकेट से मात दी थी। किवी टीम एक बार फिर उसी प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी। वह जानती है कि उसके पास भारत जैसी मजबूत टीम को उसके घर में मात देने का बेहतरीन मौका है जिसे भुनाकर वह इतिहास रच सकती है।

कोहली के अलावा और कोई नहीं चल पाया था
पहले मैच में कोहली को छोड़कर भारतीय बल्लेबाज किवी गेंदबाजों के आगे ढह गए थे। कोहली ने अपना 31वां शतक जड़ा था, लेकिन उनके अलावा कोई और बल्लेबाज 50 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका था। कोहली और टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री चाहेंगे कि टीम के बल्लेबाज वापसी करें। भारत को खासकर सलामी बल्लेबाजी की चिंता होगी। रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दिला सकी थी। यहीं से टीम बिखर गई थी और बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई।

न्यूजीलैंड के पास बड़ा मौका
वहीं मध्यक्रम में टीम प्रबंधन ने अनुभवी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को मौका दिया था। कार्तिक अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए थे। केदार जाधव भी अच्छी लय में आने के बाद एक गलत शॉट खेल कर आउट हो गए थे। कोहली इस मैच में जाधव को बाहर बैठा कर मनीष पांडे को मौका दे सकते हैं। वहीं टीम के लिए जरूरी है कि निचले क्रम में हार्दिक पांड्या और महेंद्र सिंह धौनी का बल्ला चले। घर में खेलते हुए ऐसे मौके बेहद कम देखने को मिलते हैं जब भारतीय टीम पहला मैच हारकर सीरीज गंवाने की कगार पर हो। किवी कप्तान केन विलियमसन की टीम के पास भारत को उसके घर उसे मात देने का स्वार्णिम मौका तब मिला है जब मेजबान विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा दिखा चुके हैं।

ट्रेंट बोल्ट ने किया था शानदार प्रदर्शन
टीम के गेंदबाजों ने पिछले मैच में भारत की मजबूत बल्लेबाजी को संभलने नहीं दिया था। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट टीम के लिए असरदार साबित हुए थे। उन्होंने शुरुआती विकेट लेकर मेजबानों को बैकफुट पर पहुंचा दिया था। बाद में मिशेल सेंटनर ने मध्य में अहम विकेट लेकर भारत को संभलने का मौका नहीं दिया था। टीम की गेंदबाजी एक बार फिर बोल्ट के इर्द-गिर्द घूमेगी। टिम साउदी के रूप में किवी टीम के पास एक और अच्छा गेंदबाज है जो भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकता है।

टीमें :

भारत:- विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे , मनीष पांडे, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, यजुवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और शार्दुल ठाकुर।

न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्तान), ट्रेंट बोल्ट, कॉलिन डी ग्रैंडहोमे, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम, हेनरी निकोलस, एडम मिलने, कोलिन मुनरो, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सैंटनर, टिम साउदी, रॉस टेलर, जॉर्ज वर्कर और ईश सोढी।