
एशिया कप 2023 का शेड्यूल फाइनल, जानें कहां खेले जाएंगे भारत बनाम पाकिस्तान के मुकाबले।
Asia Cup 2023 Schedule : एशिया कप 2023 को लेकर बीसीसीआई और पीसीबी के बीच चल रहा विवाद अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। इसके साथ ही यह भी साफ हो गया है कि टीम इंडिया एशिया कप के लिए पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2023 के तहत होने वाले मैच पड़ोसी देश श्रीलंका में ही खेले जाएंगे। बीसीसीआई के सचिव जय शाह और पीसीबी के प्रमुख जका अशरफ के बीच डरबन में मुलाकात हुई है, जिसके बाद इसकी पुष्टि की गई है। हाइब्रिड मॉडल के तहत अब एशिया कप के पहले चार मैचों की मेजबानी पाकिस्तान करेगा और इसके बाद सभी मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे।
आईपीएल के मौजूदा अध्यक्ष अरुण धूमल ने एशिया कप को लेकर पाकिस्तान के अडिग रहने की अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा कि भारतीय टीम के मैच श्रीलंका में ही होंगे। भारती की टीम पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी। यह फैसला बीसीसीआई के सचिव जय शाह और पीसीबी के नए प्रमुख जका अशरफ की बैठक के दौरान लिया गया है। इसके साथ ही एशिया कप 2023 के शेड्यूल पर भी चर्चा की गई है।
भारत-पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में होंगे
उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान एशिया कप 2023 के शेड्यूल को अंतिम रूप दिया गया है। लीग चरण के पहले चार मैच पाकिस्तान में होंगे और इसके बाद 9 मैच जिसमें भारत बनाम पाकिस्तान के मैच भी शामिल हैं, वे श्रीलंका में खेले जाएंगे। यदि भारत और पाकिस्तान की टीमें फाइनल में पहुंचती हैं तो दोनों का वह तीसरा मुकाबला भी श्रीलंका में ही खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें : अब छलका स्टार बल्लेबाज का दर्द, बोला- पता नहीं टीम से बाहर क्यों किया
जल्द होगा एशिया कप के शेड्यूल का ऐलान
धूमल ने कहा कि बीसीसीआई सचिव और पीसीबी चीफ जका अशरफ ने एशिया कप के शेड्यूल को लेकर चर्चा की है, जो अब आगे बढ़ चुका है। उन्होंने बताया कि अब जल्द ही एशिया कप 2023 के शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : वेस्टइंडीज के खिलाफ आज पहले टेस्ट में ऐसी होगी भारत की प्लेइंग 11
Published on:
12 Jul 2023, 3:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.