नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के साथ जारी तीन मैचों की सीरीज को 2-1 के अंतर से अपने नाम कर लिया। गुरुवार को नागपुर में खेले गए सीरीज के फाइनल मैच में भारतीय टीम ने कप्तान मिताली राज (नाबाद 74), दीप्ति शर्मा (नाबाद 54) और स्मृति मंधाना (रिटायर्ड हर्ट 53) के बेहतरीन अर्धशतकों की बदौलत इंग्लैंड को आठ विकेट से हराया। मैच में टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 201 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसे भारत ने 45.2 ओवर में मात्र दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।