
Jasprit bumrah ruled out: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है। छह दिन पहले भारतीय स्क्वॉड में 'स्पेशल' एंट्री पाने वाले जसप्रीत बुमराह अब एक बार फिर इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुमराह अब भी पूरी तरह से फिट नहीं हैं और भारतीय टीम वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहता है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बीसीसीआई ने बुमराह को अभी उन्हें इतनी जल्दी एक्शन में वापस नहीं लाने का और फिटनेस के आधार पर उन्हें सीरीज से आराम देने का फैसला लिया है। वहीं, छह दिन पहले यानी तीन जनवरी को बीसीसीआई ने बुमराह को स्क्वॉड में शामिल करने की जानकारी दी थी। उस दौरान लगा था कि जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं। हालांकि, बीसीसीआई ने इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बुमराह बाकी खिलाड़ियों के साथ गुवाहाटी नहीं पहुंचे हैं जहां टीम इंडिया को 10 जनवरी को पहला वनडे मैच खेलना है। पीठ की चोट के चलते बुमराह सितंबर 2022 से टीम इंडिया से बाहर थे। वह एशिया कप और टी20 विश्व कप में भी टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थे। चोट से उबरने के बाद वह लंबे समय से नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA)में ट्रेनिंग कर रहे हैं। हाल ही में एनसीए ने बुमराह को पूरी तरह फिट घोषित कर दिया था।
यह भी पढ़ें - कपिल देव ने सूर्यकुमार यादव को रिचर्ड्स, पोंटिंग, सचिन से भी महान बताया
29 साल के जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए आखिरी मैच 25 सितंबर को खेला था। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा थे। वहीं, अपना आखिरी वनडे मैच उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई को खेला था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में शामिल किया जा सकता है। भारत और न्यूजीलैंड की टीमें तीन-तीन मैचों की वनडे और टी20 सीरीज खेलेगी। इसकी शुरुआत 18 जनवरी से होगी।
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में सभी सीनियर खिलाड़ियों की वापसी होगी। विराट कोहली, मोहम्मद शमी और केएल राहुल जैसे सीनियर खिलाड़ी इस सीरीज में खेलते दिखाई देंगे।
यह भी पढ़ें - रोहित-कोहली पहुंचे गुवाहाटी, वनडे सीरीज के लिए तैयार भारत, जानें सीरीज से जुड़ी सभी डिटेल्स
वनडे टीम के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल (विकेटकीपर), विराट कोहली, शुभमन गिल, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव , मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक।
Published on:
9 Jan 2023, 2:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.