
नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन भारत की पहली पारी 307 रन सिमट गई। सेंचुरियन में खेली जा रही दूसरे टेस्ट मैच को कम रोशनी के कारण निर्धारित समय से पहले ही रोकना पड़ा। खेल रोके जाने तक अफ्रीकी टीम दो विकेट के नुकसान पर 90 रन बना चुकी थी। अफ्रीकी टीम की ओर से एबी डिविलियर्स (50) और सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर (36) रन बना कर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले अफ्रीकी टीम के दूसरे पारी की शुरुआत काफी खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने सलामी बल्लेबाज मार्कराम और हाशिम अमला को 1-1 के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट करते हुए 3 के स्कोर पर दो झटके दिए। जिसके बाद से एल्गर और डिविलियर्स ने पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच अभी तक दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
भारत की पहली पारी का हाल
इससे पहले भारत की पहली पारी कप्तान कोहली के बेहरीन शतक के दम पर 307 रन सिमटी। कोहली 153 रन बनाकर आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। पहली पारी के आधार पर दक्षिण अफ्रीका को 28 रनों की बढ़त मिल गई है। तीसरे दिन भारतीय टीम को पहला झटका हार्दिक पांड्या के रूप में लगा। पांड्या 15 रन बना कर आउट हुए। जिसके बाद आर अश्विन ने कप्तान कोहली का अच्छा साथ दिया। अश्विन और कोहली की जोड़ी ने 75 रनों की साझेदारी निभाई। अश्विन 38 रन बनाकर फिलेंडर के शिकार बने। जिसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे मोहम्मद शमी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं रूक सके। शमी मात्र एक रन बना कर आउट हो गए।
तीसरे दिन के पहले सत्र का लेखाजोखा
कोहली और हार्दिक पांड्या (15) ने छठे विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी की और टीम को 200 के पार पहुंचाया। एक बार फिर वर्नोन फिलेंडर भारत की परेशानी बनकर सामने आए। उन्होंने पांड्या को रन आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इस बीच, कोहली ने अपने टेस्ट करियर का 21वां शतक पूरा किया। वह कप्तान के रूप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसकी धरती पर टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले, सचिन तेंदुलकर ने केपटाउन में 1996-97 में 169 रनों की पारी खेली थी।
अश्विन की उपयोगी पारी
पांड्या के पवेलियन जाने के बाद कोहली के साथ पारी संभालने उतरे रविचंद्रन अश्विन (38) ने 75 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी की और स्कोर 280 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर फिलेंडर ने एक बार फिर रास्ते का कांटा बनते हुए अश्विन को फाफ डु प्लेसिस के हाथों कैच आउट करा भारतीय टीम का सातवां विकेट भी गिरा दिया।
कोहली की कप्तानी पारी
जहां एक ओर दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज हार नहीं मान रहे हैं, वहीं कोहली भी पहले टेस्ट मैच में मिली हार से सबक लेते हुए अपनी जिद पर अड़े हुए हैं। अश्विन के आउट होने के बाद कोहली का साथ देने आए मोहम्मद शमी (1) को मोर्ने मोर्केल ने मैदान पर टिकने का मौका भी नहीं दिया और हाशिम अमला के हाथों कैच आउट करा पवेलियन का रास्ता दिखाया।
ऐसी रही अफ्रीकी गेंदबाजी
कोहली ने आठवें विकेट के लिए शर्मा के साथ छह रन जोड़े और भोजनकाल तक बिना कोई और विकेट गंवाए टीम को 287 के स्कोर तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका के लिए मोर्केल ने दो विकेट लिए हैं, वहीं कगीसो रबाडा, फिलेंडर, नगीदी और केशव महाराज को एक-एक सफलता मिली है। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 335 रनों का स्कोर खड़ा किया है।
Updated on:
15 Jan 2018, 8:55 PM IST
Published on:
15 Jan 2018, 4:54 PM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.