
नई दिल्ली। भारत में इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग की धूम मची है। भारत लगभग सभी बड़े क्रिकेटरों के अलावा अन्य देशों के दिग्गज भी आईपीएल में व्यस्त हैं। ईशात शर्मा, चेतेश्वर पुजारा जैसे कुछ सीनियर भारतीय क्रिकेटर जिन्हें आईपीएल 2018 में कोई खरीददार नहीं मिला था, वो अभी काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। लेकिन आईपीएल खत्म होने के तुरंत बाद फिर से भारतीय टीम इंटरनेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट और सीरीजों में व्यस्त हो जाएगा। आईपीएल खत्म होने के तुरंत बाद भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के साथ टेस्ट मैच खेलना है। जिसके लिए भारतीय टीम का चयन कल (बुधवार) को बेंगलोर में किया जाएगा। इस चयन समिति की बैठक से पहले आपको यह बता दें कि इस टेस्ट में भारतीय टीम बदली हुई नजर आएगी। कप्तानी का जिम्मा विराट कोहली के हाथों में नहीं होगी।
अफगानिस्तान के लिए ऐतिहासिक होगा ये टेस्ट-
भारत और अफगानिस्तान के बीच बेंगलोर में होने वाला यह टेस्ट अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के काफी ऐतिहासिक होगा। आपको बता दें कि यह अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को पहला टेस्ट मैच होगा। यह टेस्ट 14 जून को बेंगलुरू में खेला जाना है। इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की सीनियर चयन समिति की अहम बैठक होने वाली है।
कई सीरीजों के लिए होगा चयन -
इस बैठक में भारत बनाम अफगानिस्तान मैच, इंग्लैंड दौरे के लिये भारत ए टीम, इंग्लैंड ए और वेस्टइंडीज ए के साथ भारत ए टीम की त्रिकोणीय सीरीज, आयरलैंड दौरे के लिये टी 20 टीम, इंग्लैंड दौरे के लिये टी 20 टीम, के साथ-साथ इंग्लैंड दौरे के लिये भारतीय वनडे टीम का चयन होगा। खास बात यह है कि भारत-अफगान टेस्ट के लिए टीम इंडिया के नियमित कप्तान विराट कोहली उपलब्ध नहीं होंगे। वे उस समय इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रहे होंगे। लिहाजा उनकी जगह पर टीम की कमान किसी दूसरे खिलाड़ी के हाथों में होगी।
रहाणे को मिल सकती है टीम की कमान -
इस ऐतिहासिक टेस्ट के लिए भारतीय टेस्ट टीम की कमान आंजिक्य रहाणे को मिल सकती है। रहाणे अभी भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के उप कप्तान भी है। ऐसे में कोहली की गैरमौजूदगी में रहाणे को टीम की कमान मिल सकती है। हालांकि रहाणे हो या कोहली दोनों ही बतौर कप्तान आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन कर पाने में नाकाम रहे हैं।
Published on:
7 May 2018, 4:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.